डुमरांव : एकौनी गांव के बधार में बुधवार की रात हार्वेस्टरचालक दीपक पासवान की हत्या के मामले में मृतक के पिता जगबली पासवान ने अपने पड़ोसी चंद्रिका पासवान व फूलन पासवान पर हत्या का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है़ इस मामले को लेकर पुलिस हत्याकांड के अनुसंधान में तेजी ला दी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार नामजद अभियुक्त फरार बताये जाते हैं.मृतक के परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी चंद्रिका पासवान से पुरानी अदावत है. उस दिन अपने दामाद इटाढ़ी थाना स्थित ओराप गांव निवासी फूलन पासवान को घर बुलाया था और दीपक को खिलाने-पिलाने की बात कह पोखरा स्थित बधार में ले जाकर उसकी हत्या कर दी़ वहीं, पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से ही विवाद बना हुआ था़ संदेह के आधार पर मृतक के परिजनों ने पड़ोसी को नामजद किया है़
अनुसंधान के क्रम मेें पुलिस कई बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है़ गौरतलब हो कि नारायण उपाध्याय के तालाब के समीप पुलिस ने युवक का शव बरामद किया था,जहां से कारतूस का खोखा सहित शराब की बोतलें बरामद हुई थीं. इस हत्याकांड के बाद गांव में कई तरह के चर्चाओं का बाजार गरम है़
