आज कैथहरकला पंचायत में होगा डीएम का जनता दरबार
बक्सर/राजपुर : आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के आलोक में प्रखंड के कैथहरकला पंचायत में जिलाधिकारी रमण कुमार का जनता दरबार लगेगा. इस जनता दरबार के द्वारा जिलाधिकारी सीधे आम जनता की समस्याओं से रूबरू होंगे. साथ ही अधिकतर मामलों का निष्पादन इस जनता दरबार में करेंगे.
इस कार्यक्रम के लिए प्रखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा भी सारी तैयारियां पुरी कर ली गयीं हैं. शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी तौकीर अकरम ने राजपुर जाकर तैयारियों का जायजा लिया और इस संबंध में अपनी रिपोर्ट बक्सर एसडीओ को समर्पित की.
जिसके बाद बक्सर एसडीओ ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी कर दिया. जिलाधिकारी सुबह 10 बजे ही राजपुर के लिए रवाना हो जायेंगे और राजपुर में ही रात्रि विश्राम भी करेंगे. जानकारी देते हुए बीडीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि जनता दरबार के दौरान पूरा माहौल एक दिन लिए जिला मुख्यालय की तरह दिखेगा़ इसके लिए सभी विभागों के द्वारा अलग-अलग कुल 20 काउंटर बनाये गये हैं. इन काउंटरों के माध्यम से किसी भी प्रकार की समस्या का निदान मौके पर ही कर दिया जायेगा़
इसके अलावे इस जनता दरबार में विकलांगों के लिए ट्राइसाइकिल, बधिर को श्रवण मशीन का वितरण किया जायेगा़ डीएम शाम को महादलित बस्ती में जाकर लोगों की समस्याओं से अवगत होंगे और उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे़ वहीं, इस कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार से ही पंचायत को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है़
