BPSC Student Protest: 'दिल दिया है जान भी देंगे... ए वतन तेरे लिए...' यह गाना BPSC TRE-4 के म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर गाया. गुरुवार को काफी संख्या में अभ्यर्थी वैकेंसी की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर पहुंचे थे. इस दौरान शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया.
म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों को मिला आश्वासन
शिक्षा मंत्री ने म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों से कहा, जब तक एग्जाम का डेट जारी नहीं होता है, तब तक वैकेंसी आती रहेगी. बिहार के युवाओं-छात्रों के हित में जो करना होगा, वो सब होगा. इसलिए एक बात के लिए आपलोग निश्चिंत रहिए कि सरकार संवाद के लिए हमेशा तैयार है. हम सबको बुलाकर बात करते हैं और रास्ता निकालते हैं.
शिक्षा मंत्री बोले- सरकार खुद चिंतित
आगे शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा, आपलोग के भविष्य के लिए सरकार खुद चिंतित है. अच्छी पढ़ाई कैसे हो और अच्छे टीचर स्कूल में कैसे पहुंचे, इसके लिए हमलोग दिन-रात लगे हुए हैं. यह हमलोग की प्रायोरिटी है. आपलोग परीक्षा की तैयारी में जुट जाइए. जहां भी वैकेंसी बची होगी, उसे मंगायेंगे. वैकेंसी और बढ़ाई जा सकती है. म्यूजिक टीचरों से कहा, आपलोग आराम से जाइए, हमलोग अच्छा निर्णय करेंगे.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मिथिलेश तिवारी के आवास की बढ़ी सुरक्षा
जानकारी के मुताबिक, पटना में छात्रों के आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्रों का आंदोलन जारी है. जिस तरह से अभ्यर्थी गुरुवार को सुबह-सुबह शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर पहुंचे. उसी को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
पटना में अभ्यर्थियों ने किया था प्रदर्शन
पटना में लगातार अभ्यर्थियों की ओर से प्रदर्शन किए जा रहे हैं. पिछले दिनों पटना की सड़क पर जमकर बवाल हुआ था. बीपीएससी टीआरई-4 में सिर्फ एक चरण में परीक्षा कराने, निगेटिव मार्किंग हटाने, डोमिसाइल समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया था. ऐसे में आज कुछ अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री के आवास तक पहुंच गए. इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है.
