राजगीर. आयुध निर्माणी, नालंदा में शुक्रवार की दोपहर एक कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला किये जाने की सनसनीखेज खबर प्रकाश में आया है. इस घटना के बाद परिसर में अफरातफरी मच गई. हमले में घायल कर्मचारी दिवाकर कुमार यादव की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. घटना के विरोध में कर्मियों ने काम ठप कर प्रशासनिक भवन के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की गयी. सूत्रों के अनुसार भोजनावकाश के दौरान जब कर्मचारी बाहर निकल रहे थे, उसी समय एडमिन ब्लॉक गेट के पास विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई. आरोप है कि दरबान नंदन कुमार के इशारे पर एलडीसी क्लर्क विकास सिंह ने टीएमसी-4 के कर्मचारी दिवाकर कुमार यादव को जबरन रोक लिया. विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गयी. देखते – देखते विकास सिंह ने धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर वार कर दिया. इससे दिवाकर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत आयुध निर्माणी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. फिलहाल उनका इलाज बिहारशरीफ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया है. एडमिन ब्लॉक के समक्ष धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है. आयुध निर्माणी मजदूर संघ के महामंत्री मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपी कर्मचारी पहले से ही विवादित प्रवृत्ति का है. पूर्व में भी वह कई बार सहकर्मियों के साथ मारपीट कर चुका है. इसके बावजूद प्रशासन ने उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है. इससे उसका मनोबल बढ़ता जा रहा है.हाई लेवल कंसल्टेटिव कमेटी के सदस्य अनिल कुमार गुप्ता ने भी आरोप लगाया कि आरोपी ने चुनाव ड्यूटी के दौरान भी कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी. कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों को निलंबित कर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती है, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे. राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. हालांकि अबतक इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
आयुध निर्माणी के कर्मचारी पर हमला, प्रदर्शन
आयुध निर्माणी, नालंदा में शुक्रवार की दोपहर एक कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला किये जाने की सनसनीखेज खबर प्रकाश में आया है.
