बिहार दिवस 22 को, तैयारी में जुटा विभाग

22 मार्च को आयोजित होने वाले बिहार दिवस को लेकर राजगीर में अभी से तैयारी शुरू हो गयी है.

राजगीर 22 मार्च को आयोजित होने वाले बिहार दिवस को लेकर राजगीर में अभी से तैयारी शुरू हो गयी है. प्रशासन व शिक्षा विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है. शिक्षा विभाग के द्वारा स्कूलों को दिशा निर्देश भेजा जा रहा है. राज्य परियोजना निदेशक योगेन्द्र सिंह के पत्र के आलोक में स्कूलों को निर्देश जारी किया गया है. विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ””””उन्नत बिहार, विकसित बिहार”””” विषय पर इस वर्ष कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. यह कार्यक्रम स्कूलों में प्रखंड और प्रखंड से जिला स्तर पर तकि आयोजित किये जायेंगे. उक्त विषय पर स्कूलों में गणित, ओलंपियाड, क्विज, चित्रकला, रंगोली आदि आयोजित की जायेगी. स्कूल स्तर के प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले छात्र-छात्राओं को प्रखंड स्तर पर आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा. यही नहीं स्कूल स्तर पर स्कूल के प्रधानाध्यापक व परामर्श से रंगोली, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता आदि आयोजित किया जा सकता है. इन प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को स्कूल स्तर पर ही पुरस्कृत किया जायेगा.

22, 23 व 24 मार्च को निकलेगी प्रभातफेरी

डीपीओ सह बीइओ ने बताया कि बिहार दिवस के अवसर पर स्कूलों द्वारा 22 , 23 व 24 मार्च को प्रभात फेरी, साइकिल रैली निकाली जायेगी. इसमें छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में समूह बनाकर भ्रमण करेंगे. लोगों को बिहार की सभ्यता व संस्कृति से अवगत कराते हुये बिहार दिवस को लेकर जागरूक करेंगे. शिक्षक सरकार के सात निश्चय योजना के तहत गांव के कुआं, तालाब, आहार, पइन पोखर आदि के सौंदर्यीकरण, मनरेगा के तहत किये गये कार्यों का अवलोकन, नल जल की व्यवस्था आदि का अवलोकन, सरकार की ओर से किये गये विकासात्मक कार्यों का अवलोकन करने के उपरांत स्कूलों में चर्चा की जायेगी. इसके बाद निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित किया जायेगा. उन्होंने बताया कि बिहार दिवस को लेकर खेलकूद प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित होंगे इसके लिए विद्यालयों को दिशा- निर्देश दिया गया है. स्कूल स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागी प्रखण्ड, प्रखंड स्तर पर सफल प्रतिभागी अनुमंडल और अनुमंडल स्तर पर सफल प्रतिभागी जिला स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे. इसके बाद राज्य स्तर की प्रतियोगिता में उन्हें सम्मिलित होने का मौका मिलेगा.

छात्र-छात्राओं के मॉडल की लगायी जायेगी प्रदर्शनी

विभागीय सूत्रों के अनुसार बिहार दिवस पर स्कूलों को प्रतियोगिताओं के साथ-साथ छात्राओं के मॉडल की प्रदर्शनी, चित्रकला में पुरस्कृत चित्रों की प्रदर्शनी आदि लगायी जायेगी. वहीं शिक्षकों द्वारा बनाये गये शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) की प्रदर्शनी लगाने के लिये निर्देशित किया गया है. इसमें स्थानीय जन समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी का अवलोकन छात्र-छात्राओं व जन समुदाय द्वारा किया जायेगा. अच्छे प्रदर्शन को प्रस्तुत किया जायेगा. उन्होंने बताया कि स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पत्र के आलोक में स्कूलों को उक्त दिशा निर्देश के साथ-साथ स्कूल में जन संवाद करने का निर्देश भी दिया गया है. स्कूल इस जनसंवाद में स्थानीय स्तर पर ख्याति प्राप्त लब्धि प्रतिष्ठित व्यक्तियों को आमंत्रित करेंगे. इसमें बिहार की महत्ता कला, संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, पार्क आदि पर चर्चा होगी. ज्ञातव्य हो कि 1912 ई. में अंग्रेजों द्वारा 22 मार्च को ही बंगाल से बिहार राज्य को अलग किया था. बिहार सरकार ने वर्ष 2010 में राज्य का स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया है. तब से हर साल बिहार के सभी जिलों में बिहार स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया जाता है. इस दिवस का मुख्य उद्देश्य राज्य के गौरव को पुनर्स्थापित करना, सरकार की योजनाओं के बारे में आमजन तक जानकारी पहुंचाना और राज्य के नागरिकों में बिहारी होने की भावना को जागृत करना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >