सहयोग शिविर, बाढ़ तैयारी और मलमास मेला को लेकर नालंदा डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश

Nalanda News: नालंदा डीएम कुंदन कुमार ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन, बाढ़ पूर्व तैयारियों, सहयोग शिविरों और मलमास मेला-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Nalanda News (बिहारशरीफ कार्यालय से कंचन कुमार की रिपोर्ट)
नालंदा जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समन्वय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जन शिकायतों के निष्पादन, सहयोग शिविर, आपदा प्रबंधन, मलमास मेला-2026, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा तथा विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. डीएम ने सभी अधिकारियों को सरकार के सात निश्चय-3 के तहत आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में सेवा संवाद एवं समाधान कार्यक्रम का आयोजन कर आम लोगों की शिकायतें सुनी जाएं और उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए. अधिकारियों को कार्यालय अवधि में अपने कक्ष में उपस्थित रहकर आम लोगों से सम्मानपूर्वक मिलने का निर्देश दिया गया.

16 से 18 जून तक लगेंगे सहयोग और जनकल्याण शिविर

डीएम ने बताया कि 16 जून को जिले की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित होंगे, जबकि 17 एवं 18 जून को सभी प्रखंडों में सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे. शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा. समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक सहयोग शिविरों में 8991 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 8305 का निष्पादन हो चुका है, जबकि 686 आवेदन लंबित हैं. लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया गया.

बाढ़ और गर्मी से निपटने की तैयारी पर जोर

आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने अस्पतालों और अग्निशमन सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया. साथ ही बाढ़ पूर्व सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा. पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. संबंधित विभागों को आपदा संपूर्ति पोर्टल पर सभी आवश्यक सूचनाओं को नियमित रूप से अपडेट करने को कहा गया.

नौ डिग्री कॉलेजों और मॉडल स्कूलों के विकास पर फोकस

बैठक में जिले में चिन्हित नौ डिग्री महाविद्यालयों के संचालन के लिए आवश्यक निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा की गई. अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मॉडल स्कूल विकसित किया जाएगा. पुल निर्माण निगम को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.

शवदाह गृह, सड़क सुरक्षा और जनसेवाओं की समीक्षा

जिला पंचायती राज पदाधिकारी को जिले के सभी संचालित एवं निर्माणाधीन शवदाह गृहों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया गया. वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया. जन्म, मृत्यु, जाति, आय, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, पेंशन और अन्य जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया गया.

मलमास मेला में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

डीएम ने मलमास मेला-2026 में प्रतिनियुक्त सभी अधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनुपस्थिति या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधीक्षक मद्य निषेध को मेले के दौरान नियमित और सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश

बैठक में कबीर अंत्येष्टि अनुदान, राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना, मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन और निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया. साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण, मृत एवं डुप्लीकेट लाभुकों की पहचान कर नाम विलोपन की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया. सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी, सीपीग्राम, मानवाधिकार और सीएम डैशबोर्ड से जुड़े लंबित मामलों को भी समय पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया.

बैठक में नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता तथा सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.

Also Read: नालंदा की बावन बूटी साड़ी को मिला वर्ल्ड क्लास जीआई टैग, अब दुनिया भर में मचेगी धूम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >