नालंदा के लहेरी की मदरसा गली में बड़ी डकैती की साजिश नाकाम, 1 पिस्टल और कट्टे के साथ 3 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

Nalanda News: नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र की मदरसा गली में 1 जून की देर रात पुलिस ने छापेमारी कर लूट की योजना बना रहे तीन अपराधियों मोनू कुमार, राजा कुमार और मोहित कुमार को गिरफ्तार किया है. एएसपी सह एसडीपीओ सदर-1 संकेत कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे 5 दिन पहले ही किराए का कमरा लेकर ठहरे थे.

Nalanda News (अमर वर्मा): नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए किसी बड़ी डकैती या गंभीर अपराध की साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस की विशेष टीम ने मदरसा गली स्थित एक मकान में छापेमारी कर लूट की योजना बना रहे तीन शातिर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. अपराधियों के पास से अवैध आर्म्स और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.

इस बड़ी सफलता की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए स्मार्ट सिटी भवन स्थित अपने कार्यालय में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), सदर-1 संकेत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से एक जगह एकत्रित हुए हैं, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की गई.

देर रात परमानंद सिंह के मकान की पहली मंजिल पर पुलिस का धावा

एसडीपीओ संकेत कुमार ने बताया कि 1 जून 2026 की देर रात लहेरी थानाध्यक्ष को पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी कि मदरसा गली स्थित परमानंद सिंह के मकान में तीन संदिग्ध अपराधी अत्याधुनिक हथियार और गोलियों के साथ ठहरे हुए हैं. ये अपराधी शहर में किसी गंभीर और सनसनीखेज अपराध को अंजाम देने की फिराक में हैं.

सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए मामले से तुरंत वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया गया. इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बिहारशरीफ-1) के सीधे नेतृत्व में लहेरी पुलिस की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने पूरी सतर्कता बरतते हुए मदरसा गली में चिन्हित मकान की घेराबंदी की और पहली मंजिल (प्रथम तल्ले) के कमरे में अचानक धावा बोल दिया.

रामचंद्रपुर, बिंद और कटरापर के रहने वाले हैं दबोचे गए तीनों बदमाश, पिस्टल व कट्टा जब्त

पुलिस की इस अचानक हुई दबिश से कमरे में मौजूद अपराधियों को भागने का मौका नहीं मिला. पुलिस ने मौके से तीन अपराधियों को दबोच लिया, जिनकी पहचान इस प्रकार की गई है:

  • मोनू कुमार: पिता- राजू प्रसाद, निवासी- शिवाजी कॉलोनी, रामचंद्रपुर (लहेरी थाना क्षेत्र).
  • राजा कुमार: पिता- बबन राम, निवासी- मोहदीपुर (बिंद थाना क्षेत्र).
  • मोहित कुमार: पिता- सुरेंद्र प्रसाद यादव, निवासी- कटरापर (बिहार थाना क्षेत्र).

पुलिस ने जब कमरे और पकड़े गए अपराधियों की सघन तलाशी ली, तो उनके पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और 03 जिंदा गोलियां (कारतूस) बरामद की गईं. पुलिस ने हथियारों को तुरंत जब्त कर लिया.

चोरी, लूट, रंगदारी और दंगे के दर्जनों मामले हैं दर्ज; 5 दिन पहले ही लिया था कमरा

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संकेत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधी बेहद शातिर और पेशेवर हैं. इन तीनों के विरुद्ध नालंदा जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, डकैती, रंगदारी, सांप्रदायिक दंगा भड़काने एवं आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं. ये सभी पूर्व में भी जेल की हवा खा चुके हैं.

जांच में यह बात भी सामने आई है कि इन अपराधियों ने अपनी पहचान छुपाकर करीब 5-6 दिन पहले ही मदरसा गली में परमानंद सिंह के इस मकान में किराए पर कमरा लिया था, ताकि यहाँ से आपराधिक गतिविधियों को ऑपरेट कर सकें. इस सफल और साहसिक छापेमारी दल में लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक (SI) सर्वेश कुमार, रणधीर कुमार, चन्दन कुमार तथा सिपाही ब्रजेश कुमार एवं दीपक कुमार मुख्य रूप से शामिल थे. पुलिस अब मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है कि बिना वेरिफिकेशन के कमरा क्यों दिया गया.

Also Read: सम्राट चौधरी बोले- जिस दिन पार्टी कहेगी झोला उठाकर चल दूंगा, जानिए बिहार के सीएम ने क्यों कही ये बात

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >