राजस्व कर्मी के घर बकाया मांगने पहुंचे दर्जनों लोग

डीएम आरिफ अहसन द्वारा अरियरी अंचल कार्यालय में कार्यरत संविदा पर बहाल राजस्व कर्मचारी विष्णुदेव यादव को अवैध वसूली के मामले में नियोजन तत्काल प्रभाव से रद कर दिए जाने के बाद बकाया पैसा मांगने के लिए दर्जनों लोग राजस्व कर्मचारी के घर पहुंच गए.

शेखपुरा. डीएम आरिफ अहसन द्वारा अरियरी अंचल कार्यालय में कार्यरत संविदा पर बहाल राजस्व कर्मचारी विष्णुदेव यादव को अवैध वसूली के मामले में नियोजन तत्काल प्रभाव से रद कर दिए जाने के बाद बकाया पैसा मांगने के लिए दर्जनों लोग राजस्व कर्मचारी के घर पहुंच गए. इस दौरान शेखपुरा नगर क्षेत्र के गिरिहिंडा स्थित किराये के अपने घर के बाहर दर्जनों लोगों को देख वहां हड़कम्प मच गया और राजस्व कर्मचारी घर में ही दुबक गया. हालांकि, इस दौरान राजस्व कर्मचारी ने घर पर हमला कर दिए जाने की आशंका को लेकर पुलिस को सूचना देते हुए सहायता मांगी .जिसके बाद पैसा मांगने पहुंचे कई लोग वहां से निकल गए. इस दौरान विद्यापुर गांव के रामदयाल कुमार ने बताया कि उन्होंने दाखिल-खारिज के नाम पर 12 हजार रुपये राजस्व कर्मचारी विष्णुदेव यादव को दिया था. वही, हुसैनाबाद के कैलाश वर्मा ने बताया कि उन्होंने दाखिल-खारिज के नाम पर ही 60 हजार रुपये कर्मचारी को दिए थे.ककराड़ गांव के रहने वाले पिंकू कुमार ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने 60 हजार दाखिल-खारिज के नाम पर दिए थे. जबकि, अजीत कुमार चौधरी ने आय प्रमाण पत्र के लिए 02 हजार देने की बात कही. वहीं, इसके अलावा कई अन्य लोगों ने भी इसी प्रकार की रकम राजस्व कर्मचारी एवं उसके निजी सहयोगी चंदन कुमार को देने की बात कही. मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि बगैर नजराना लिए उक्त राजस्व कर्मचारी द्वारा कार्य नहीं किया जाता था. ऐसे में उन्होंने बड़ी रकम राजस्व कर्मचारी को दी है. राजस्व कर्मचारी का नियोजन रद्द कर दिया गया है, ऐसे में वे लोग अपना पैसा मांगने के लिए राजस्व कर्मचारी के घर पहुंचे हैं परंतु उन लोगों को देखकर राजस्व कर्मचारी ने दरवाजा बंद कर लिया. बहरहाल कर्मचारी का नियोजन रद्द होने के अपना बकाया रकम मांगने के लिए लोगों का उनके घर पहुंचने का सिलसिला जारी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >