मलमास मेला में अव्यवस्था नहीं होगी बर्दाश्त

जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को राजगीर के आरआईसीसी में धर्मशाला संचालकों, होटल मालिकों, टमटम एवं ई-रिक्शा चालकों, फुटपाथ दुकानदारों, वार्ड पार्षदों, बैंकर्सों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

प्रतिनिधि, राजगीर.

17 मई से शुरू होने वाले राजकीय मलमास मेला के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को राजगीर के आरआईसीसी में धर्मशाला संचालकों, होटल मालिकों, टमटम एवं ई-रिक्शा चालकों, फुटपाथ दुकानदारों, वार्ड पार्षदों, बैंकर्सों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता डीएम कुंदन कुमार एवं एसपी भारत सोनी ने की. बैठक में मेला के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, आवासन, स्वास्थ्य सेवा एवं पार्किंग जैसी आधारभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. सभी विभाग समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालु बेहतर व्यवस्था का अनुभव लेकर लौटें, यही प्रशासन की प्राथमिकता है. डीएम ने कहा कि मलमास मेला में भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती है. सड़क किनारे अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. रेड लाइनिंग के बाद ही दुकानों का संचालन सुनिश्चित कराया जाएगा. उन्होंने दुकानदारों को भारत सरकार एवं बिहार सरकार की एसडीएमए गाइड लाइन का हर हाल में पालन करने का निर्देश दिया. होटल संचालकों को अधिक से अधिक सीएनजी गैस कनेक्शन के लिए निबंधन कराने तथा मेला क्षेत्र के होटलों को आकर्षक लाइटिंग से सजाने का सुझाव दिया गया. रेलवे ओवरब्रिज एवं एसएच-71 से वीरायतन जाने वाली सड़क पर विशेष लाइटिंग एवं पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने का आश्वासन प्रशासन की ओर से दिया गया. बैठक में तांगा चालकों ने स्टैंड पर शेड एवं पेयजल की मांग रखी. प्रशासन ने बताया कि मेला में चलने वाले ई-रिक्शा की कलर कोडिंग की जाएगी तथा टमटम एवं ई-रिक्शा का रेट लिस्ट सार्वजनिक रूप से लगाया जाएगा. श्रद्धालुओं से अधिक किराया वसूलने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई. डीएम ने संबंधित विभागों को पुल-पुलिया, नाली एवं सड़कों की मरम्मत समय पर सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. बैंकर्स को अस्थायी बैंकिंग सुविधा एवं मोबाइल एटीएम उपलब्ध कराने तथा मेला क्षेत्र में निर्बाध इंटरनेट सेवा सुनिश्चित करने को कहा गया. नगर परिषद को साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया. एसपी भारत सोनी ने कहा कि संपूर्ण मेला क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर विधि-व्यवस्था को हर हाल में मजबूत रखा जाएगा. बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >