मार्च में 35 डिग्री की गर्मी से बेहाल बिहार, 72 घंटे झमाझम बारिश का अलर्ट

Bihar Weather : मार्च की शुरुआत में ही बिहार में गर्मी ने तेवर दिखा दिए हैं. कई जिलों में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं. राहत की खबर यह है कि IMD ने अगले तीन दिनों के लिए बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.

Bihar Weather : बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को मार्च के पहले हफ्ते में ही गर्मी का एहसास होने लगा है.

शनिवार को सबसे अधिक तापमान 34.2 डिग्री नालंदा जिले के राजगीर में दर्ज किया गया, जबकि पटना में पारा 33.2 डिग्री तक पहुंच गया. IMD के अनुसार 9 से 11 मार्च के बीच आंधी, बारिश और बिजली गिरने के साथ मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

मार्च की शुरुआत में ही चढ़ा पारा

बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है.नालंदा के राजगीर में 34.2 डिग्री के साथ राज्य का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड हुआ. इसके बाद वाल्मीकिनगर में 33.4 डिग्री, पटना में 33.2 डिग्री, बक्सर में 33.1डिग्री और मोतिहारी में 33 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह बढ़ोतरी सामान्य से करीब पांच से छह डिग्री अधिक है.

अब रातें भी होने लगी हैं गर्म

दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है. कटिहार में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे रात में भी लोगों को उमस महसूस होने लगी. वहीं कैमूर में 22.1 डिग्री, पटना में 21.8 डिग्री, सुपौल में 21.3 डिग्री, अररिया के फारबिसगंज में 21.2 डिग्री और मुजफ्फरपुर में 21 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ. दूसरी ओर समस्तीपुर के पूसा में सबसे कम 17.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

9 से 11 मार्च तक येलो अलर्ट

बढ़ती गर्मी से परेशान बिहारवासियों के लिए राहत और आफत दोनों एक साथ आने वाली हैं. IMD ने 9 से 11 मार्च तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक बनी ट्रफ रेखा के कारण मौसम में यह अचानक बदलाव आ रहा है. अगले 48 घंटों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा है. सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर जैसे इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. 9 मार्च को पूरे बिहार में बादल छाए रहेंगे, जबकि 10 मार्च को उत्तर बिहार और 11 मार्च को पूर्वी बिहार के जिलों में बारिश का असर सबसे अधिक देखा जाएगा.

Also Read: ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती या पटना एम्स की डॉक्टर? UPSC रिजल्ट में 301वीं रैंक पर छिड़ा विवाद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >