आरा : जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर- बिहिया रोड में अनियंत्रित ऑटो के पलटने से आधा दर्जन लोग जख्मी हो गये. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से जगदीशपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां गंभीर रूप से जख्मी एक युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. इलाज के लिए ले जा रहे पटना रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. मृतक रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव निवासी राजु कुमार गुप्ता बताया जाता है जो डोमा साह का पुत्र है. इस घटना में जख्मी अन्य लोगों का इलाज रेफरल अस्पताल में कराया गया, जिन्हें मामूली चोटें आयी हैं. शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया.
ऑटो पलटने से एक की मौत, छह जख्मी
आरा : जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर- बिहिया रोड में अनियंत्रित ऑटो के पलटने से आधा दर्जन लोग जख्मी हो गये. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से जगदीशपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां गंभीर रूप से जख्मी एक युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. इलाज के लिए ले जा […]

भांजी की शादी में शामिल होने आया था, बरात से पहले ही उठ गयी उसकी अरथी : हादसे का शिकार हुआ युवक राजु गुप्ता जगदीशपुर अपने जीजा पारसनाथ गुप्ता के घर भांजी की शादी में शामिल होने आया था. रविवार को बरात आनेवाला था. इसी बीच उसने अपनी ससुराल दीघा टोला जाने के लिए घर से निकला. जीजा को यह कह कर गया कि दो घंटे में ससुराल से घुम कर आ जाऊंगा. वह तो नहीं आया लेकिन उसके जख्मी होने की खबर आ गयी.
आनन-फानन में उसके जीजा एवं घर के अन्य लोग जगदीशपुर रेफरल अस्पताल पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया. पटना जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इधर एक तरफ बरात आयी हुई है, दूसरी तरफ युवक को इलाज के लिए ले जाया जा रहा है. मौत के बाद परिजन शादी के माहौल में खलल न हो इसके लिए पूरे घटना को छुपा कर रखा गया. किसी तरीके से शादी को संपन्न कराया गया.
एक तरफ बज रही थी शहनाई दूसरी तरफ छाया मातमी सन्नाटा : इस घटना में एक तरफ शहनाई बज रही थी. वहीं दूसरी तरफ मातमी सन्नाटा पसरा हुआ था. जिस समय दरवाजे पर बरात लग रही थी ठीक उसी समय राजू गुप्ता की मौत हो गयी. मौत की खबर को उनके परिजनों ने छुपा दी ताकि शादी के माहौल में किसी प्रकार की गड़बड़ी पैदा न हो.
बाद में सोमवार की सुबह परिजनों को इसकी जानकारी मिली. हालांकि परिवार के आधे सदस्य घटना के बारे में जान रहे थे. यही वजह थी कि शादी के माहौल में भी लोगों के चेहरे पर दुख के भाव स्पष्ट रूप से झलक रहे थे. इधर राजू गुप्ता की मौत की खबर उसकी पत्नी एवं बच्चों को नहीं दी गयी. राजू गुप्ता सूरत में प्राइवेट नौकरी करता था. सपरिवार सूरत में ही रहता है. घटना की खबर उसकी पत्नी को यह कह कर दी गयी कि तबीयत ज्यादा खराब है. जल्द- से- जल्द आपलोग चले आइये.
रोहतास जिले के युवक की भोजपुर में मौत
किसी का उजड़ा सुहाग, तो किसी के सिर से उठा पिता का साया
इस घटना में मृतक की पत्नी शारदा देवी का सुहाग उजड़ गया. वहीं दो बच्चे राहुल और विक्की के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन गया. बच्चा एवं पत्नी को क्या पता था कि राजू गुप्ता दो दिन के लिए शादी में शामिल होने जा रहे हैं. और वहां पर इस तरह का घटना हो जायेगा. बूढ़ा बाप डोमा साह की स्थिति भी घटना के बाद खराब हो गयी है. बूढ़े पिता को जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही काठ मार गया.