आरा : जिले के सिन्हा ओपी थाना क्षेत्र के सेमरिया स्कूल के समीप से सूचना के आधार पर सिन्हा पुलिस ने एक शराब तस्कर को धर दबोचा. उसके पास से पुलिस ने कार्टन में रखी 384 बोतल अंगरेजी शराब बरामद की. पकड़ा गया आरोपित नथमलपुर गांव निवासी कुंदन सिंह बताया जाता है. पकड़ा गया कुंदन पूर्व में भी इस मामले में वांछित रहा है
. बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदन सिंह शराब की खेप लेकर डिलिवरी करने जा रहा है. तभी सिन्हा प्रभारी धनंजय पांडेय ने घेराबंदी कर उसे सेमरिया गांव के समीप से धर दबोचा. कुंदन सिंह जैसे ही मोपेड गाड़ी पर शराब लादकर अपने गांव नथमलपुर से निकला, वैसे ही पुलिस उसके पीछे लग गयी. जब उसकी तलाशी ली गयी, तो मोपेड पर आठ पेटी में बांध कर रखी गयी 384 बोतल शराब जब्त कर ली गयी, साथ ही मोपेड को भी जब्त कर लिया गया. आरोपित कुंदन सिंह से पूछताछ की जा रही है तथा शराब तस्करी के मामले में किन-किन लोगों के साथ वह काम करता है.
पता लगाया जा रहा है. बता दें कि एसपी क्षत्रनील सिंह के आदेश पर पूरे जिले में शराब तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है. रविवार को हुई तस्कर की गिरफ्तारी इसी कड़ी की देन है. इस संबंध में सिन्हा ओपी प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि सूचना मिली थी कि उक्त तस्कर शराब का खेप लेकर जा रहा है. सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
