रामनवमी. आज राम नाम से गूंजेगा भोजपुर, लोगों ने तैयारी की पूरी
शोभायात्रा को लेकर समिति के सदस्यों ने की अंतिम समीक्षा
आरा : रामनवमी शोभायात्रा को लेकर पूरा शहर भगवा से पट गया है. बुधवार को राम नाम से पूरा जिला गूंजेगा. शोभायात्रा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है. शोभायात्रा समिति के सदस्यों ने बैठक कर तैयारी के अंतिम समीक्षा की. शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिकालदर्शी देवराहा शिवनाथ दास जी महाराज की अध्यक्षता में बैठक हुई. शोभायात्रा की शुरुआत रामगढ़िया से की जायेगी. सुबह 10 बजे महाआरती के बाद रामगढ़िया से शोभायात्रा निकलेगी जो विभिन्न मार्गों से होते हुए रमना मैदान पहुंचेगी. शोभायात्रा में देश भर से संत शामिल होंगे. इसमें लाखों लोगों के साथ हजारों वाहन और हाथी,
घोड़ा, ऊंट शामिल होंगे. पूरे शहर में हाथ से भक्त रथ को घुमाएंगे. जिस पर भगवान श्रीराम, सीता माता और लक्ष्मण के साथ हनुमान जी विराजमान रहेंगे. संत शिवनाथ दास जी महाराज ने सभी लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस बार शोभायात्रा ऐतिहासिक होगी. महासचिव शंभु चौरसिया ने सभी राम भक्तों से मर्यादित व अनुशासित तरीके से शोभायात्रा में शामिल हों. सुरक्षा प्रमुख राजेश्वर पासवान ने कहा कि शरारती तत्वों पर नजर रखी जायेगी. बैठक में अशोक तिवारी, वीरेंद्र सिंह, गोकुल सिंह, राजेंद्र सिंह, अवध बिहारी मेहता, बादल जलान, अभिमन्यु सिंह, शरणधारी आजाद सहित कई लोग थे.
सुबह 11 से शाम 5 बजे तक ठप रहेगी विद्युत आपूर्ति : इस दौरान कोई अप्रिय घटना न हो सके, इसको लेकर विद्युत आपूर्ति बुधवार को सुबह 11 बजे से बंद रखी जायेगी. इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा निर्देश जारी किया गया है. जुलूस समाप्त होने के बाद शहर में बिजली की आपूर्ति बहाल होगी. जुलूस की समाप्ति के बाद कंट्रोल रूम के द्वारा बिजली विभाग को ओके रिपोर्ट देगा, जिसके बाद आपूर्ति बहाल होगी. संभावना जतायी जा रही है कि शाम आठ बजे के करीब बिजली आयेगी.
बिहिया में पहली बार निकलेगी शोभायात्रा : नगर पंचायत बिहिया में रामनवमी के अवसर पर बुधवार को पहली बार आयोजित होने वाली शोभायात्रा को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर देखा जा रहा है. नगर में निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर पूरा नगर क्षेत्र भगवा झंडों से पट गया है तथा स्वयंसेवी युवकों द्वारा जगह-जगह रास्तों को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि शोभायात्रा में शामिल लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े. वहीं जगदीशपुर एसडीएम ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र के बिहिया, जगदीशपुर व शाहपुर में शोभायात्रा को लेकर कुल 30 मजिस्ट्रेटों के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
पीरो में शोभा यात्रा को लेकर लोगों में भरा जोश : राम नवमी के मौके पर आज बुधवार को अनुमंडल मुख्यालय में शोभायात्रा निकली जायेगी. इस आयोजन को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं. शोभायात्रा आयोजन समिति के सदस्यों के साथ-साथ भाजपा, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता इसकी तैयारी में लगे हैं. रामनवमी जुलूस सह शोभायात्रा को ले यहां के लोगों, खासकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा पूरे शहर में जगह जगह जयश्री राम के नारे लिखे भगवा ध्वज लगाये गये हैं. भाजपा सहकारिता मंच के प्रदेश कार्य समिति सदस्य हरिजी तिवारी के अनुसार शोभायात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उक्त संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों से संपर्क किया गया है. आयोजन समिति के सदस्य भोला कुमार, नंदू शर्मा, सुरेश प्रसाद, सोनू कुमार के अनुसार इस बार की शोभायात्रा अभूतपूर्व व शानदार होगी. इस शोभायात्रा में पीरो नगर के अलावे लहराबाद, बरौली, सुखरौली, कचनथ, पचरूखिया, मोतीडीह, उदनडीह, उज्जैन डिहरा, रजेया, मोथी, जगदीशपुर पाठक, बघउड, नारायणपुर, तेतरडीह
वासमनपुर, पचमा, बचरी, इटिम्हा गणेश, चिलबिलिया, सारोपुर, धनपुरा, गोविंदडीह, तिलाठ, देव चंदा, बरांव, कच्छुई , मोहन टोला, धानपोखर सहित अन्य गांवों के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे. अनुमंडल पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार व डीएसपी जयप्रकाश राय के अनुसार शोभायात्रा के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
जगदीशपुर में शोभायात्रा को ले बढ़ा दी गयी है चौकसी : रामनवमी को लेकर नगर भगवा ध्वज से पट गया है. रामनवमी के अवसर पर नगर में निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर समिति सदस्य जोर शोर से तैयारी में लगे हैं. प्रशासन द्वारा भी विशेष चौकसी बरती जा रही है.वही इस अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी नगर स्थित मुख्य चौरास्ता के पास श्री मां अनुपमा महाकाली पूजा समिति की ओर से मां काली की प्रतिमा रखकर पूजा अर्चना की जा रही है. जिससे माहौल भक्तिमय बना हुआ है. समिति के कुमार गौतम ने बताया की बुधवार की सुबह हवन कार्यक्रम के बाद दोपहर से राम नवमी शोभा निकाली जायेगी और गुरुवार को रात्रि में देवी जागरण कार्यक्रम का आयोजन होगा.
महाआरती के बाद रामगढ़िया से निकलेगी शोभायात्रा, प्रशासन भी तैयार
शोभायात्रा का रूट चार्ट
रमगढ़िया से प्रारंभ , बड़ी चौक, गोपाली चौक, जेल रोड, शिवगंज, बड़ी मठिया,महादेवा, धर्मन चौक, चित्रटोली रोड, रमना रोड, महावीर टोला, करमन टोला, नवादा, स्टेशन रोड, एसपी कोठी रोड, ब्लॉक रोड, कतीरा, पकड़ी, जज कोठी, रमना मैदान में सभा के साथ समापन.
विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने भी की है व्यापक तैयारी
पुलिस की ओर से निकाला गया फ्लैग मार्च
रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासनिक महकमा भी कमर कस कर तैयार है. शोभायात्रा के दौरान शरारती तत्वों पर पुलिस प्रशासन की विशेष नजर रहेगी. सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जायेगी और पूरी शोभायात्रा की रिकॉर्डिंग भी करायी जायेगी. प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं. जिलाधिकारी डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव व पुलिस कप्तान क्षत्रनील सिंह ने जिलावासियों से रामनवमी का त्योहार प्रेम, भाईचारा, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण से मनाने की अपील की. साथ ही पुलिस के द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला गया. पुलिस के वरीय पदाधिकारी कई गाड़ियों से पूरे शहर में घूमे और शहर का जायजा लिया.
शहर में 53 जगहों पर रहेगी विशेष निगरानी
रामनवमी शोभायात्रा के दौरान 53 जगहों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी के साथ जवानों की तैनाती की जायेगी. आरा शहर में सात गश्ती दल दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गयी है. गश्ती दल में शामिल अधिकारी पूरी शोभायात्रा के दौरान शहर में भ्रमण करते रहेंगे. इस कार्य में कोताही बरतने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गयी है.
कंट्रोल रूम का भी
किया गया है गठन
शोभायात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन के द्वारा एक कंट्रोल रूम का भी गठन किया गया है. कंट्रोल रूम का नंबर जिला प्रशासन के द्वारा सार्वजनिक किया गया है, जो 06182-248701 / 248702 है. जुलूस के दौरान किसी भी तरह की समस्या या सूचना होने पर आम लोग यहां शेयर कर सकते हैं. कंट्रोल रूम के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता सुरेंद्र प्रसाद होंगे.
