शाहपुर : नगर पंचायत में चुनाव को लेकर एक तरफ जहां प्रशासनिक तैयारी जोर शोर से चल रही है वहीं दूसरी तरफ मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर विरोध भी मुखर हो रहे है. शाहपुर नगर पंचायत के कई वार्डों में मतदाता सूची में गड़बड़ी का मामला प्रकाश में आया है. इसको लेकर कई लोगों ने अपना विरोध भी दर्ज कराया है. मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद सूची में आयी गड़बड़ी को लेकर पार्षदों, भावी प्रत्याशियों और मतदाताओं के द्वारा विरोध के स्वर उठने लगे हैं.
लोगो का कहना है कि सैकड़ों लोगों का नाम काट कर इधर- से- उधर किया गया है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर भी प्रश्न उठने लगे हैं. इस संबंध में नप के पूर्व उपाध्यक्ष सह वर्तमान पार्षद मो मुख्तार साह ने बताया कि वार्ड संख्या 02 से लगभग 175 लोगों का नाम काट कर वार्ड संख्या 03, 04 तथा 05 में चढ़ा दिया गया है. वहीं वार्ड संख्या 03 के कुछ मतदाताओं को वार्ड संख्या 02 में जोड़ दिया गया है. इसी तरह पूरे नगर पंचायत में भारी संख्या में नाम इधर-से- उधर किये गये हैं. इससे चुनाव परिणाम प्रभावित होगा. नप के मतदाता दूसरे वार्ड की सूची में नाम प्रकाशित हो जाने से अपने वार्ड में अपने मनचाहे प्रत्याशी को वोट नहीं दे पायेंगे.
