छठ महापर्व को लेकर सूर्य मंदिर के घाटों की हुई सफाई
आरा/उदवंतनगर : लोक आस्था के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार से प्रारंभ हो रहा है. महापर्व को लेकर तैयारी लोगों ने पूरी कर ली है. जिले के प्रसिद्ध छठ घाटों और सूर्य मंदिरों के समीप के घाटों की सफाई की गयी. बाजारों में भी छठ को लेकर दुकानें सजने लगी हैं. हालांकि चैती छठ में व्रतियों की संख्या कम रहती है.
बेलाउर सूर्य मंदिर के घाटों की सफाई ग्रामीणों द्वारा शुरू की गयी. बेलाउर के अलावा आसपास के विभिन्न गांवों के लोग छठ घाट की सफाई में जुट गये हैं. बच्चों से लेकर वृद्ध व्यक्तियों तक में सूर्य मंदिर पोखरा घाट की सफाई को लेकर विशेष उत्साह है. बेलाउर सूर्य मंदिर प्रबंधन कमेटी के मीडिया प्रभारी विनय बेलाउर ने कहा कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सूर्य मंदिर पोखरा के छठ घाटों की सफाई की जा रही है. बेलाउर एंव दूरदराज गांवों से लोग छठ घाट की सफाई में अपना सहयोग दे रहे हैं.
इस वर्ष फसल अच्छी होने का प्रभाव भी पड़ेगा.श्रद्धालुओं के अधिक संख्या में बेलाउर पहुंचने की संभावना है. छठ घाट की सफाई में कोरी निवासी रवि पाठक, अगिआंव निवासी गौतम राय, छोटकी खडांव निवासी कुणाल कुमार, पवना निवासी चंदन कुमार,रूपेश कु, आलोक कुमार सहयोग कर रहे हैं. वहीं मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मधेसर चौधरी, पुजारी राहुल बाबा, रामकृष्ण शर्मा,अंजनी चौधरी, अमित शंकर,राजा बाबू, अजय चौधरी सहित दर्जनों ग्रामीण सफाई अभियान में जुटे हैं.
