आरा : स्वर्ण व्यवसायी हरिशंकर सोनी की हत्या के मामले में पुलिस अपराधियों की धर पकड़ को लेकर अंधेरे में तीर मार रही है. हालांकि पुलिस को अभी तक ठोस सुराग हासिल नहीं हुआ है. इसको लेकर पुलिस घटनास्थल का टावर लोकेशन का सीडीआर का सहारा ले रहा है. इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को चिह्नित किया जा रहा है
हालांकि सीसीटीवी फुटेज में कैद चेहरे स्पष्ट नहीं हो रहे हैं. इस मामले में पुलिस जिले के कई संदिग्ध कुख्यातों से भी पूछताछ कर चुकी है. कई संदिग्ध चेहरों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया. सूत्रों के अनुसार इस मामले में नगर थाना क्षेत्र के बड़की सिंगही से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की जा रही है. बता दें कि तीन दिन पहले आरा-सरैया मुख्य मार्ग पर दो की संख्या में अपराधियों ने तरी मुहल्ला निवासी स्वर्ण व्यवसायी हरिशंकर सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस दौरान स्वर्ण व्यवसायी से गहने और नकदी भी अपराधी लूट लिये थे.
