भाग निकले धंधेबाज, दो पर प्राथमिकी दर्ज
आरा/पीरो : भोजपुर एसपी के निर्देशन में चलाये जा रहे अभियान के तहत सोमवार की देर रात स्थानीय पुलिस ने आरा-सासाराम स्टेट हाइवे पर बचरी फाॅल और इब्राहीमपुर मोड़ के बीच छापेमारी कर एक ऑल्टो कार से नौ कार्टन में रखी 750 एमएल की 108 बोतल अंगरेजी शराब को बरामद की गयी. बरामद शराब की बोतलें हरियाणा में निर्मित हैं. पीरो डीएसपी जेपी राय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भोजपुर एसपी के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. सोमवार की रात गुप्त सूचना मिली कि एक ऑल्टो कार में अंगरेजी शराब की बड़ी खेप लायी जा रही है.
सूचना के बाद पीरो थानाध्यक्ष जयप्रकाश के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी, जिसमें अवर निरीक्षक वशिष्ठ चौधरी और सुरेंद्र शर्मा के अलावा कई अन्य पुलिस के जवान शामिल थे. सोमवार की देर रात इब्राहीमपुर मोड़ के समीप जब पुलिस टीम ने बिक्रमगंज की ओर से आ रही ऑल्टो कार को रोक कर उसकी जांच-पड़ताल शुरू की, तो उस कार में नौ कार्टन में रखी राॅयल स्टेग ब्रांड की 750 एमएल की 108 बोतल अंगरेजी शराब बरामद हुई. हालांकि इस दौरान ऑल्टो कार में सवार दो लोग पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे. पुलिस बरामद शराब की बोतलों के साथ ऑल्टो कार को भी जब्त कर थाना ले आयी. डीएसपी ने बताया कि ऑल्टो कार से शराब बरामद किये जाने के क्रम में फरार हुए दोनों लोगों की पहचान कर ली गयी है, जिसमें से एक बचरी गांव निवासी सुनील कुमार साह बताया जाता है. दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं.
