पुलिस कप्तान ने कोईलवर थाने का किया निरीक्षण
खाताबही अपडेट नहीं रहने पर जतायी नाराजगी
कोइलवर : थाना में कुव्यवस्था देख भड़के एसपी ने कोईलवर थानेदार का जमकर क्लास लगाया. भोजपुर पुलिस अधीक्षक छत्रनील सिंह गुरुवार को कोइलवर थाने का निरीक्षण करने पहुंचे थे.
थाने में अपराधियों का खाताबही अपडेट नहीं होने पर एसपी ने गहरी नाराजगी जाहिर की. साथ ही कांडों के अनुसंधान में विलंब पर भी फटकार लगायी. पुलिस कप्तान ने लगभग तीन घंटे तक सभी संचिकाओं को खंगाला व व कई आवश्यक दिशा -निर्देश दिये.
एसपी ने थानाध्यक्ष समेत सभी अधिकारियों को आदेश देते हुए कहा कि लंबित कांडों का निबटारा यथाशीघ्र किया जाये़ पुलिस अधीक्षक ने पूर्ण शराबबंदी पर सख्ती लाने को कहा़ उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शराब बिकने की शिकायत मिलने पर किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा. वहीं एसपी ने मंगलवार की रात दो दुकानों में हुई चोरी और उसके बाद सड़क जाम के मामले को भी गंभीरता से लिया. थानाप्रभारी को नियमित गश्ती करने और चोरी की घटना पर रोक लगाने की कड़ी चेतावनी दी.
