चरपोखरी : बियर फैक्टरी में कार्यरत मजदूर की मौत के बाद रविवार को ग्रामीणों और मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा. साथी की मौत से आक्रोशित मजदूर मुआवजे की मांग करते हुए सड़क पर उतर आये. घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के देवड़ी गांव स्थित बियर फैक्टरी की है. आक्रोशित ग्रामीणों ने तेंदुनी- गड़हनी पथ को जाम कर आवागमन को ठप कर दिया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस के काफी समझाने के बाद मामला शांत हुआ और जाम को हटाया गया. मिली जानकारी के अनुसार
गड़हनी थाना क्षेत्र के रतनपुर निवासी रामलखन यादव का पुत्र रमेश कुमार सिंह (22) दो दिन पूर्व काम करते वक्त सुरक्षा के व्यापक इंतजाम नहीं होने के कारण गिर कर जख्मी हो गया था. जख्मी काे इलाज के लिए आरा और पटना के विभिन्न अस्पतालों में भरती कराया गया, लेकिन वह नहीं बच सका. घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ बियर फैक्टरी के गेट पर मुआवजे की मांग करते हुए सड़क जाम कर घंटों प्रदर्शन किया. इससे अफरा- तफरी का माहौल कायम हो गया. सूचना पाकर पहुंची चरपोखरी थाना पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराते हुए शव को अपने कब्जे में कर लिया,
वहीं कंपनी द्वारा मृतक के परिजनों को मुआवजा दिये जाने के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटवाया गया. चरपोखरी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया. पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज किये जाने की सूचना नहीं है. वहीं कंपनी के कर्मियों द्वारा बताया कि मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपया मुआवजे की राशि दी गयी. कंपनी के अंदर मजदूर की मौत से कंपनी में काम करनेवाले मजदूरों के बीच दहशत है.
