हर घर नल का जल योजना के कार्य में आयी तेजी
आरा : जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री सात निश्चय कार्यक्रम को सरजमीं पर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने को लेकर जिले के 228 पंचायतों में वार्डों का चयन कार्य पूरा कर लिया है. वहीं, हर घर को नल का जल मुहैया कराने को लेकर कार्ययोजना तैयार कर ली गयी है. डीएम डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री के सात निश्चय कार्यक्रम को ससमय पूरा कराने को लेकर एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है. प्रथम वर्ष के लिए पंचायतवार वार्डों का चयन कार्य पूरा कर लिया गया है.
प्रथम चरण में पंचायतों के अनुसूचित जाति, पिछड़ा व अति पिछड़ा वर्ग बहुल वार्डों का मुख्यमंत्री सात निश्चय कार्यक्रम को लेकर चयन किया गया है. पंचायतों के चयनित वार्डों में चालू वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री सात निश्चय कार्यक्रम से संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन कराया जायेगा. इस कार्य का प्रत्येक दिन डीडीसी स्तर से समीक्षा की जा रही है. उन्होंने कहा कि हर घर को नल से जल मुहैया कराने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को दिया गया है.
