जगदीशपुर : पिछले 18 माह से बकाया वृद्धावस्था पेंशन की राशि का अविलंब भुगतान करो, इंदिरा आवास की दूसरी किस्त लभुकों के खाते में शीघ्र भेजा जाये, राशन-केरोसिन वितरण में धांधली पर रोक लगाते हुए दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाये, शौचालय निर्माण के बाद पैसा देने के बजाय निर्माण से पहले गरीबों के खाते में पैसा भेजा जाये,
सामाजिक आर्थिक जनगणना में हुई त्रुटियों का शीघ्र सुधार कर वंचितों का नाम जोड़ा जाये सहित विभिन्न मांगों को लेकर भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रखंड कार्यालय का घेराव किया. काफी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ता स्वारथ साहू उच्च विद्यालय के समीप से जुलूस की शक्ल में नगर के मुख्य मार्ग होते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे.
मौके पर पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य अजीत कुशवाहा ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने सात निश्चयों की समीक्षा करने के लिए तमाम जिलों की यात्राएं कर रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ जनता अपनी बुनियादी सुविधाओं से महरूम हो रही हैं. जनता के बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के बजाय सरकार सिर्फ राजनीतिक प्रचार कर रही है. शौचालय निर्माण के नाम पर धांधली की जा रही है. शौचालय निर्माण के बाद पैसा देने की सरकारी नियम भ्र्ष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है. प्रखंड कर्यालय घेराव के बाद प्रधानमंत्री द्वारा नोटबंदी के फरमान को तुगलकी फरमान बताते हुए प्रधानमंत्री का पुतला जलाया गया. कार्यक्रम में प्रखंड सचिव विशुन ठाकुर, विनोद कुशवाहा, उमेश यादव, गणेश कुशवाहा, बृंदा यादव, टेगरी राम सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे.
