पहल . पटना-बक्सर और आरा-मोहनिया फोर लेन निर्माण का मार्ग प्रशस्त
आरा : राष्ट्रीय राज मार्ग 84 पटना-बक्सर फोर लेन सड़क निर्माण और राष्ट्रीय राज मार्ग 30 आरा – मोहनिया फोर लेन सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है. जिला प्रशासन द्वारा उक्त सड़क निर्माण को लेकर किये जानेवाले भूमि अधिग्रहण को लेकर कार्रवाई तेज कर दी गयी है. उक्त सड़क परियोजना को लेकर जिले के 55 गांवों की कुल 697.18 एकड़ भूमि अधिगृहीत की जानी है. भूमि अधिग्रहण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी 55 गांवों का थ्री ए, थ्री डी एवं थ्री जी की कार्रवाई पूरी कर ली गयी है. इनमें 47 गांवों की दखल दहानी दे दी गयी है.
भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 की धारा 24 के प्रावधानों के अंतर्गत अब किसानों को एक जनवरी, 2014 के बाजार मूल्य को आधार मान कर उक्त अधिनियम की धारा 26 के प्रावधानों के अनुसार एमबीआर के चार गुनी राशि मुआवजे के रूप में मिलेगी. इसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा मौजाबार संशोधित प्राक्कलन तैयार कर भारतीय राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण को भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. एनएच 84 फोर लेन सड़क निर्माण को लेकर होनेवाले भूमि अधिग्रहण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा गांवों के संशोधित प्राक्कलन पर स्वीकृति की मुहर लगनी शुरू हो गयी है. अब तक जिलाधिकारी डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव द्वारा 22 गांवों के संशोधित प्राक्कलन पर अनुमोदन दे दिया गया है.
उक्त सड़क निर्माण को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण द्वारा चार गांवों के संशोधित प्राक्कलन पर स्वीकृति की मुहर लगा दी गयी है, जिनमें कोइलवर प्रखंड के ज्ञानचक, आरा प्रखंड के रतनपुर, सनदिया तथा रतनदुलारपुर गांव शामिल हैं. उक्त सड़क निर्माण को लेकर सरकार से जिला प्रशासन को 55.02 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है. इनमें 11.86 करोड़ की राशि किसानों के बीच वितरित कर दी गयी है, जबकि 33.85 करोड़ की राशि वितरण को ले कार्रवाई की जा रही है.
स्वीकृति के लिए भेजा गया प्राक्कलन : राष्ट्रीय राज मार्ग 84 एवं 30 के फोर लेन निर्माण को लेकर प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी लायी गयी है.
डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव, डीएम
किसानों को नयी भूमि अधिग्रहण नीति के तहत मिलेगी मुआवजा राशि
1852 किसानों को मिलेगा मुआवजा
उक्त सड़क निर्माण में 1852 किसानों की जमीन सरकार द्वारा अधिगृहीत की जानी है जिनमें 372 किसानों को 80.29 एकड़ जमीन अधिग्रहण के विरुद्ध 11.86 करोड़ रुपये की राशि वितरित कर दी गयी है.
