गड़हनी प्रखंड के विद्युत विभाग के सहायक अभियंता और कनीय अभियंता के विरुद्ध निलंबन की अनुशंसा
आरा : जिलाधिकारी डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव ने पिछले दिनों गड़हनी पशु मेले में घटित हुई घटना को देखते हुए जिले के सभी एसडीओ को लगनेवाले पशु मेले से संबंधित मामले की जांच करने का निर्देश दिया है, जिसमें आरा सदर एसडीओ, पीरो एसडीओ तथा जगदीशपुर एसडीओ शामिल हैं. तीनों एसडीओ को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि वे अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत लगनेवाले अनधिकृत पशु मेले की जांच कर नियमानुसार दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करें. डीएम ने एसडीओ को भेजे गये पत्र में कहा है कि जिले के कई स्थानों पर आयोजकों द्वारा बिना अनुज्ञप्ति,
बंदोबस्ती के अनधिकृत रूप से पशु मेला लगाये जाने की सूचना प्राप्त हो रही है. साथ ही इन पशु मेलों में मानक के अनुरूप सुविधाओं एवं सुरक्षा की अनदेखी की जा रही है. ऐसी स्थिति में आर्थात सुविधा के अभाव में हमेशा अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है. साथ ही सरकार को राजस्व की क्षति भी होती है. इसके आलोक में डीएम ने सभी एसडीओ को निर्देश दिया है कि वे अपने – अपने अनुमंडल क्षेत्रांतर्गत लगनेवाले सभी पशु मेले का भौतिक सत्यापन कर अनधिकृत रूप से लगनेवाले पशु मेले को आयोजकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करना सुनिश्चित करें.
वहीं, डीएम ने कहा है कि पशु मेले में हुई घटना के मद्दे नजर विद्युत कर्मियों की लापरवाही परिलक्षित हुई है. इसके आलोक में डीएम ने संबंधित क्षेत्र के सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय अभियंता के विरुद्ध निलंबन की अनुशंसा की है.
पशु मेला मालिक ललन व सुमन पर प्राथमिकी दर्ज: आरा. गड़हनी पशु मेले में करेंट से हुए हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट एसडीओ ने डीएम को सौंप दी है. इसके आलोक में जिलाधिकारी डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव के आदेश पर पशु मेला मालिक ललन सिंह और सुमन सिंह पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
एसडीओ नवदीप शुक्ला की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में बिजली विभाग और पशु मेला मालिक की लापरवाही की बात सामने आयी है.
जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि समय रहते बिजली विभाग और पशु मेला मालिक की तरफ से बचाव के लिए कोई एहतियाती कदम नहीं उठाया गया. इसके कारण उक्त घटना घटित हुई है. नियमानुसार बिजली के तारों में गार्ड वायर लगाना जरूरी होता है, पर बिजली विभाग को इसकी कोई परवाह नहीं है. पूरे मामले की विस्तृत जांच को लेकर जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता सुरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक चार सदस्यीय टीम का गठन किया है, जिसमें एसडीओ सदर नवदीप शुक्ला, डीसीएलआर सदर बुद्ध प्रकाश तथा गड़हनी प्रखंड के प्रभारी पदाधिकरी राहुल को सदस्य नामित किया गया है.
