आक्रोश . चुनावी रंजिश में मुखिया प्रत्याशी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे
विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण
मुखिया प्रत्याशी के बयान पर आठ के विरुद्ध मामला दर्ज
मनोज यादव की गिरफ्तारी की मांग
जांच में जुटी पुलिस, अधिकारियों के आश्वासन के बाद हटा जाम
आरा : चुनावी रंजिश को लेकर रविवार की सुबह सलेमपुर गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा़ मुखिया प्रत्याशी योगेंद्र यादव पर फायरिंग की गयी, जिसमें वह बाल-बाल बच गये़
इस घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और घटना में शामिल मनोज यादव की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतर आये़ गांव के समीप आरा-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर आगजनी कर यातायात को बाधित कर दिया़ सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है़ वहीं मुखिया प्रत्याशी के बयान पर मनोज यादव समेत आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है़
मिली जानकारी के अनुसार मतदान खत्म होने के बाद योगेंद्र यादव और मनोज यादव में विवाद हुआ, जिसके बाद मनोज यादव के समर्थक रविवार की सुबह हथियार से लैस होकर मुखिया के प्रत्याशी के घर के समीप पहुंच कर फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गये़ दहशत फैलाने के लिए कई चक्र गोलियां चलायी गयीं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया़ फायरिंग करने के बाद सभी नामजद हथियार लहराते हुए फरार हो गये़
इधर घटना को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और आरा-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर आगजनी कर यातायात को बाधित कर दिया़ लगभग चार घंटे तक यातायात को आक्रोशित ग्रामीणों ने बाधित रखा़
जाम रहने के कारण सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गयी़ं इससे यात्रियों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. मुफस्सिल इंस्पेक्टर अरुण कुमार गुप्ता द्वारा काफी समझाने- बुझाने के बाद जाम को हटाया गया़ पुलिस नामजदों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है़ घटना के बाद से ही सभी नामजद फरार चल रहे है़ं
