बिहिया़ : आरा-बक्सर रेलखंड स्थित बिहिया रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह में आरक्षण कराने के लिए लाइन में खड़े एक युवक के साथ आरक्षण काउंटर पर सक्रिय दलालों ने जम कर मारपीट की, जिससे युवक घायल हो गया़ घायल युवक का नाम डबलू कुमार बताया जाता है, जो कि जगदीशपुर का रहनेवाला है़
घटना को लेकर कुछ देर तक स्टेशन पर अफरा-तफरी मची रही़ जानकारी के अनुसार आरक्षण काउंटर पर तत्काल टिकट के लिए जगदीशपुर का उक्त युवक पहले से लाइन में खड़ा था़ इस दौरान काउंटर पर सक्रिय दलालों ने उक्त युवक को लाइन से जबरदस्ती खींच कर बाहर कर दिया और खुद लाइन में आगे खड़ा हो गया़ मामले को लेकर बक-झक शुरू हो गयी और फिर देखते- ही- देखते मारपीट होने लगी,
जिसमें युवक घायल हो गया़ मामले को लेकर जीआरपी ने कमलेश यादव नामक एक युवक को हिरासत में ले लिया़ बताया जाता है कि युवक के हिरासत में लिये जाते ही अन्य सभी दलालों ने स्टेशन पर जम कर हंगामा मचाया और पकड़े गये युवक की हथकड़ी खोलने को लेकर रेल पुलिस को धमकाते भी नजर आये, जिससे मजबूरन रेल पुलिस को पकड़े गये युवक की हथकड़ी खोलनी पड़ी़ बाद में दलालों ने घायल युवक को भी केस नहीं करने के लिए जम कर धमकाया. इसके बाद में घायल युवक ने भी केस करने से इनकार कर दिया़ वहीं रेल पुलिस ने बताया कि दोनों ही पक्षों के लोगों को आरा जीआरपी भेज दिया गया है़
