पूछताछ के दौरान प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला आया सामने
आरा : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कर्मचारी राजकिशोर महतो की हत्या मामले के खुलासे को लेकर दिलीप शर्मा को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है. इस संबंध में पुलिस ने बताया कि रिमांड पर लेने के लिए गत दिनों कोर्ट में आवेदन दिया गया था.
कोर्ट से आवेदन के आलोक में आदेश मिलने के बाद दिलीप शर्मा को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है. बता दें कि अप्रैल माह में विवि से घर जाते वक्त कतिरा मुहल्ले के समीप कर्मचारी की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. इसके बाद मृतक के पुत्र के बयान पर दिलीप शर्मा और सानू कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. पुलिस ने नौबतपुर से सानू को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पुलिस की बढ़ती दबिश के कारण दिलीप शर्मा ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था.
