आरा : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय कर्मचारी राज किशोर महतो की हत्या में शामिल आरोपी सानू कुमार को भोजपुर पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर पटना से गिरफ्तार किया है.
हत्या के बाद से आरोपी सानू कुमार अपने ससुराल पटना जिले के नौबतपुर में पनाह लिये हुए था. अभी भी इस मामले में दिलीप शर्मा फरार चल रहा है. जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक क्षत्रनील सिंह ने बताया कि घटना के बाद दोनों नामजदों की गिरफ्तारी को लेकर एसआई संजय शंकर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि प्रतिशोध को लेकर राजकिशोर की हत्या की गयी थी. हत्या के पीछे की वजह बताया कि गत वर्ष मृतक राज किशोर का पुत्र मेरी मां और बहन को लेकर फरार हो गया था.
टीम को जैसे ही उसका लोकेशन पटना जिले के नौबतपुर इलाके में मिली, तो गठित टीम के साथ-साथ डीआईयू टीम के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की गयी, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं दिलीप शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर भी छापेमारी की जा रही है. उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा. विदित हो कि 13 अप्रैल को विश्वविद्यालय से लौटते वक्त नामजद लोगों द्वारा राज किशोर महतो की कतिरा के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी.
