निर्माणाधीन मकान में पाइलिंग का कर रहा था काम
आरा : उदवंतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को करंट लगने से सहरसा के एक मजदूर की मौत हो गयी.घटना के वक्त वह निर्माणाधीन मकान में पाइलिंग का काम कर रहा था.करंट लगने के बाद वहां काम कर रहे दूसरे मजदूर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आये ,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया
.
मिली जानकारी के अनुसार सहरसा जिले के बनकटी टोला निवासी वैजनाथ यादव का पुत्र शुभलेश यादव काम करने के लिए आरा आया हुआ था .थाना क्षेत्र के जिरो माइल के समीप एक मकान में पाइलिंग का कार्य कर रहा था. इसी दौरान करंट की चपेट में आकर झुलस गया.इस घटना के बाद काफी देर तक वहां पर अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गयी है . वहीं मृतक के
परिजनों को इसकी सूचना दे दी गयी है. शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया .
तरारी में बिजली के जर्जर तार ने
मचायी तबाही, दो लोग झुलसे
बड़हरा में अग्निकांड तो तरारी प्रखंड के इंगलिशपुर गांव में तेज हवा के करण बिजली का जर्जर तार गिर पड़ा जिससे आग लग गयी. देखते ही देखते आग की चपेट में आकर आधा दर्जन लोगों के घर जल कर खाक हो गये, जबकि करंट की चपेट में आकर महंगु महतो की पत्नी मतझारो देवी और योगेंद्र यादव की पत्नी तीलारो देवी झुलस गयी.
इस अगलगी की घटना में दुलार यादव , लक्ष्मण यादव , तथा वकील यादव के हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जल कर खाक हो गयी. लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. जिला परिषद प्रत्याशी सुनील कुमार सिंह ने घटनास्थल पहुंच कर जिला प्रशासन से पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की .
