साक्ष्य को मिटाने के लिए शव को आरोपितों ने जलाया
मृतका के पिता के बयान पर पति समेत 11 पर प्राथमिकी दर्ज
आरा : संदेश थाना क्षेत्र के नसरथपुर गांव में दहेज में बाइक नहीं मिलने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गयी. हत्या करने के बाद साक्ष्य को मिटाने के उदेश्य से शव को जला दिया गया. इस घटना के बाद मृतका के पिता कन्हैया सिंह के बयान पर पति समेत 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
मिली जानकारी के अनुसार चरपोखरी थाना के कनई गांव निवासी कन्हैया सिंह ने अपनी बेटी मुन्नी की शादी संदेश थाना क्षेत्र के नसरथपुर गांव निवासी सत्येंद्र यादव के पुत्र संतोष यादव से की थी. शादी के बाद से ही बाइक के लिए विवाहिता को परेशान किया जाने लगा. आये दिन बाइक के लिए उसके साथ मारपीट की जाने लगी. सोमवार को बाइक नहीं मिलने से नाराज ससुराल के लोगों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को जला दिया गया. घटना के बाद सभी नामजद फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
