स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना प्राथमिकता : डीएम

आरा : जिलाधिकारी डॉ बीरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में पंचायत चुनाव के मद्देनजर विधि व्यवस्था संधारण, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, लाइसेंसी शस्त्रों को जमा कराने, अवैध शराब अड्डों पर छापेमारी एवं पंचायत चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यों के संबंध में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने विधानसभा चुनाव की तरह ही इस चुनाव में […]

आरा : जिलाधिकारी डॉ बीरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में पंचायत चुनाव के मद्देनजर विधि व्यवस्था संधारण, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, लाइसेंसी शस्त्रों को जमा कराने, अवैध शराब अड्डों पर छापेमारी एवं पंचायत चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यों के संबंध में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने विधानसभा चुनाव की तरह ही इस चुनाव में भी पूरे मन से कार्य करने का निदेश दिया.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक, स्वच्छ एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए अपराधी तत्वों, असामाजिक प्रवृति के लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने में परहेज नहीं करें. उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने स्तर से सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर निरोधात्मक कार्रवाई,

शस्त्रों की जमाबंदी, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन तथा अवैध शराब अड्डों पर छापेमारी करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें. उन्होंने मतदान केंद्र वाइज स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया. शस्त्रों का सत्यापन करने तथा अवैध शस्त्रों की धर-पकड़ के लिए अभियान चलाने को कहा. अभी से ही एरिया डोमिनेशन करने का भी निर्देश दिया.

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अवांछित तत्वों / गुंडा तत्वों पर अंकुश लगाना आवश्यक है. उन्होंने अपराधी तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने का निदेश दिया. चुनाव में अवैध शराब की आवाजाही तथा अवैध अड्डों को समाप्त करने के लिए औचक छापेमारी करने को कहा. उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबारी पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार करें

अवैध शराब निर्माण व बिक्री होने पर चौकीदार पर होगी प्राथमिकी: डीएम ने जिले के सभी चौकीदारों को एक्टीवेट करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिस चौकीदार के क्षेत्र में अवैध शराब अड्डों/ शराब बनाने की घटना हुई, वहां के चौकीदार पर सख्त कार्रवाई होगी. पंचायत चुनाव तथा मद्य निषेध अभियान में चौकीदारों को जोड़ने तथा उनकी प्रभावी भूमिका तैयार करने का निदेश अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया.
उन्होंने कहा कि नाम निदेशन के समय नियम से अधिक वाहन रखने, सड़क जाम करने, बिना अनुमति के सभा करने / जुलूस निकालने, ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग करने, किसी भवन / कार्यालय पर पोस्टर चिपकाने अथवा नारा लिखने पर संबंधित व्यक्ति/संगठन पर आदर्श आचार संहिता संबंधी केस दर्ज किय जाये. बैठक में उप विकास आयुक्त, इनायत खान, अपर समाहर्त्ता सुरेंद्र प्रसाद, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुख्यालय, पीरो तथा आरा सदर, सभी कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >