पुलिस से भी ज्यादा आधुनिक हथियार है अपराधियों के पास
भाजपा नेता की हत्या की जांच सीबीआइ से करायी जाये
हत्या के खिलाफ आज पूरे बिहार में निकाला जायेगा आक्रोश मार्च
न्याय के लिए सड़क से लेकर सदन तक उठेगी आवाज
आरा : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विशेश्वर ओझा के परिजनों से मिलने सोमवार को भारत सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान और केंद्रीय मंत्री राम कृपाल पहुंचे, जहां ओझा के परिजनों से मिलकर ढांढ़स बंधाया. साथ ही घटना की निंदा करते हुए सीबीआइ से जांच कराने की मांग की. परिजनों से मिलने के बाद केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान स्थानीय परिषदन में प्रेसवार्ता की. प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो गयी है.
प्रतिदिन राज्य में हत्या, अपहरण हो रहा है. इस राज्य में कोई सुरक्षित नहीं है. दो-दो पुलिस अधिकारियों की हत्या कर दी गयी, जब दूसरे को सुरक्षा देनेवाले की ही हत्या हो रही है, तो आप समझ सकते हैं कि कानून व्यवस्था का क्या हाल है. उन्होंने कहा कि नीतीश जी को ताज मिल गया है और लालू जी अपना जंगलराज चला रहे हैं.
हत्या के खिलाफ आज पूरे राजग गंठबंधन बिहार में आक्रोश मार्च निकालेगा. जरूरत पड़ी, तो बिहार को बंद भी किया जायेगा. राजद के विधायक राजबल्लभ नबालिग के साथ बलात्कार कर फरार चल रहा है. घटना के तीन दिन बाद एफआइआर दर्ज की जाती है. बिहार में हत्याएं राजनीतिक द्वेष से करायी जा रही हैं. वहीं, रामकृपाल यादव ने कहा कि इस सरकार के विरुद्ध सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जायेगा. इसको लेकर पीएम से मिलने की बात कहीं.
मौके पर तरारी के पूर्व विधायक सुनील पांडेय, लोजपा जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, लोजपा नेता श्रीकुमार सिंह, उपेंद्र सिंह, मुखिया राजेश्वर सिंह सहित कई लोग शामिल थे.
मुख्यमंत्री के जनता दरबार में ओझा ने लगायी थी सुरक्षा की गुहार : मंत्री : कंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विशेश्वर ओझा ने अपने जान को खतरा बताते हुए मुख्यमंत्री के जनता दरबार में सुरक्षा की गुहार लगायी थी. इसके साथ ही बिहार के डीजीपी को भी पत्र लिखा था. इसके बाद भी सुरक्षा मुहैया नहीं करायी गयी. पूरे बिहार में जंगल राज का असर दिखने लगा है.
