पीरो : अनुमंडलीय न्यायालय परिसर में केस की तारीख पर आये एक व्यक्ति की जम कर पिटाई कर दी गयी़ अचानक हमला बोल कर पिटाई किये जाने के कारण तरारी थाने के भकुरा गांव निवासी चितरंजन पांडेय गंभीर रूप से जख्मी हो गये़ सूचना के बाद तत्काल घटनास्थल पर पहुंची पीरो पुलिस ने जख्मी को अस्पताल पहुंचाया़ पीरो सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जख्मी व्यक्ति को आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है़ इस सिलसिले में जख्मी चितरंजन पाण्डेय के बयान पर पीरो थाना में एक मामला दर्ज किया गया है़ दर्ज प्राथमिकी में पीरो थाना के बचरी गांव निवासी पांच व्यक्तियों को आरोपित किया गया है़ पीरो थानाध्यक्ष धीरेन्द्र पांडेय ने इस मामले में बचरी गांव निवासी दयानंद राय के पुत्र भुटल राय और टुनटुन राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है़
पुलिस सूत्रों के अनुसार तरारी थाना के भकुरा गांव निवासी स्व श्लोक पाण्डेय के पुत्र चितरंजन पाण्डेय का पीरो थाना के बचरी गांव निवासी दयानंद राय वगैरह से पूर्व से भूमि विवाद है़ शुक्रवार को चितरंजन पांडेय भूमि विवाद के मामले में पीरो सब जज के कोर्ट में चल रहे केस की तारीख पर आये थे़ करीब तीन बजे न्यायालय परिसर में खड़े चितरंजन पाण्डेय पर हमला बोलकर उन्हे मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया़
