भारी मात्रा में पकड़ा गया एसएफसी का चावल
करीब 70 लाख का एफसीआइ का चावल जब्त
आधी रात को सिकरहटा के एक राइस मिल में ट्रक से उतारा जा रहा था चावल
राइस मिल के गोदाम में रखे चावल व चावल से लदे चार ट्रक जब्त
आरा/पीरो : जिला प्रशासन ने शनिवार की देर रात पीरो अनुमंडल के सिकरहट्टा स्थित सिंह राइस मिल में छापेमारी कर एसएफसी का भारी मात्रा में कालाबाजारी के लिए रखे गये चावल को जब्त किया है. वहीं सात ट्रकों को भी जब्त किया गया है. चावल की कीमत लगभग 70 लाख रुपये बतायी जाती है. इसको लेकर जिलाधिकारी डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव ने रविवार को प्रेस वार्ता की. जिलाधिकारी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में कालाबाजारी करने के उद्देश्य से एसएफसी का चावल सिंह राइस मिल में रखा जा रहा है,
जिसके बाद पीरो एसडीओ सुमन कुमार के नेतृत्व में तरारी बीडीओ विकास कुमार, सीओ शशी भूषण और सिकरहटा थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने सिकरहटा स्थित राईस मिल पर छापेमारी गयी. वहां से चावल से लदे चार ट्रक जब्त किये गये. वहीं राइस मिल के गोदाम में रखे करीब तीन ट्रक से अधिक चावल को भी जब्त किया गया. उन्होंने कहा कि उस वक्त तक तीन ट्रक चावल उतार कर मिल के गोदाम में रखा जा चुका था, जबकि चार चावल लदे ट्रक वही खड़े थे़ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ट्रक चालक व अन्य लोग वहां से भाग निकले़
ऐसे पकड़ में आया गोरखधंधा : किसी व्यक्ति द्वारा इसकी सूचना पीरो एसडीओ को दी गयी, जिसके बाद एसडीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर राइस मिल में छापेमारी की गयी. वहां से भारी मात्रा में एसएफसी का चावल जब्त किया गया. वहीं प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जार रही है.
