गोली चलने से मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची पुलिस
आरा : नवादा थाने के संकट मोचन नगर में तिलक समारोह के दौरान चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. अचानक चली गोली से अफरा-तफरी मच गयी. घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार नवादा थाने के संकट मोचन नगर में बुधन साह के घर बिहिया से तिलक आया था.
तिलक की रस्म अदा की जा रही थी, इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा फायरिंग की गयी, जिसमें समारोह देख रहे संकट मोचन नगर निवासी आशीष कुमार गुप्ता को गोली लग गयी. आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख पटना रेफर कर दिया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है.
कहते हैं थानाध्यक्ष
शादी समारोह में हथियार ले जाने या प्रदर्शन करने पर पूर्ण रूप से रोक लगाया गया है. इसके बावजूद इस तरह की घटना होती है, तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
