आरा : जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों के योगदान स्थल पर मतदान दलों द्वारा राशि कम मिलने को लेकर सोेमवार को घंटो बबाल काटा गया. आरा विधानसभा क्षेत्र के योगदान स्थल हितनारायण क्षत्रिय स्कूल में मतदानकर्मियों ने अपराह्न 2 बजे तक राशि बढ़ाये जाने की मांग को लेकर योगदान नहीं किया था.
इसकी सूचना जैसे ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव को मिली. उन्होंने विशेष कार्य पदाधिकारी सह वरीय उपसमाहर्ता संजीव कुमार सिंह को योगदान स्थल सह डिस्पैच सेंटर पर मतदानकर्मियों को समझाने के लिए भेजा. डीएम के ओएसडी ने मतदान कर्मियों को आयोग के दिशा निर्देश का हवाला देते हुए घंटों समझाया फिर भी मतदानकर्मी रोहतास, समस्तीपुर सहित अन्य जिलों में मतदानकर्मियों को दिये गये राशि के अनुरूप वितरित करने की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद अनुमंडलाधिकारी सदर अनिल कुमार,
उप विकास आयुक्त इनायत खान, उप निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार पहुंचे. इसके पूर्व डीएम के ओएसडी ने मतदान कर्मियों द्वारा रोहतास के सौंपे गये पत्र को डीएम के संज्ञान में लाया जा चुका था. जिसके बाद अंतत: जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पीठासीन पदाधिकारी को 2250 के बदले 2500, पी वन को 1800, पी टू को 1800 तथा पी थ्री को 1200 रुपये देने का निर्देश दिया गया. जिसके बाद मामला जाकर शांत हुआ. यही स्थिति कमोवेश सभी डिस्पैच सेंटरों पर भी रही.
