संवाददाता : बक्सर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं अंत्योदय अन्न योजना के तहत बक्सर जिले में 26 सितंबर से खाद्यान्न वितरण का काम शुरू किया जायेगा.
राज्य खाद्य निगम हर हाल में यह सुनिश्चित करेगी कि खाद्यान्नों का उठाव हर हाल में कर लिया जाये.
यह जानकारी देते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी शिशिर कुमार मिश्रा ने बताया कि लाभुक परिवार को दो किलोग्राम गेहूं, दो रुपये प्रति किलो की दर से और तीन किलोग्राम चावल तीन रुपये प्रति किलो की दर से दिया जायेगा.
अंत्योदय अन्न योजना के तहत प्रति परिवार 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल का वितरण किया जायेगा. फिलहाल इन 20 हजार चिह्नित परिवारों को नये कार्ड दिये जा रहे हैं.
इन परिवारों के लिए बीपीएल कार्डधारियों की तरह ही खाद्यान्न कूपन दिये जायेंगे. इनके कूपन की छपाई का काम राज्य स्तर पर किया जा रहा है, जिसके लिये विभागीय स्तर पर काम चल रहा है.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी को मिल गया है अनाज
नये 20 हजार पूर्वीक्ता प्राप्त श्रेणी के गरीब परिवारों के लिए 23 हजार 800 क्विंटल चावल और 17 हजार 200 क्विंटल गेहूं का आवंटन भी जिला आपूर्ति विभाग को प्राप्त हो गया है. इसके पूर्व बीपीएल परिवारों के लिए जिले में 13 हजार क्विंटल गेहूं और 17 हजार क्विंटल चावल की आपूर्ति जिले में होती थी.
प्रति सदस्य मिलेगा पांच किलो अनाज
चिह्नित 20 हजार परिवारों को नया राशन कार्ड दे दिया गया है और इसी महीने से उन्हें दो किलो गेहूं व तीन किलो चावल प्रति सदस्य के हिसाब से दिया जायेगा. बीपीएल के लिए सरकार द्वारा निर्धारित दर दो रुपये प्रति किलो की दर से चावल और तीन रुपये प्रति किलो की दर से गेहूं उन परिवारों को दिया जायेगा.
40 प्रतिशत लोगों को नहीं मिला है कूपन
जिले के बीपीएल परिवारों के बीच बांटे जा रहे अनाज कूपन में अब तक सभी परिवारों के बीच कूपन बांटा नहीं जा सका है. जानकारी के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों में राशन कूपन बांटने का काम किया गया है,
पर किसी भी प्रखंड में पूरे परिवारों को कूपन नहीं बांटा जा सका है. प्रखंडों में 25 प्रतिशत से 40 प्रतिशत कूपन वितरण का काम लंबित पड़ा है. बचे हुए परिवारों के बीच कूपन वितरण का काम सोमवार 21 सितंबर से फिर से शुरू किया जायेगा, ताकि सभी बीपीएल परिवारों के बीच सस्ते दर पर खाद्यान्न का वितरण किया जा सके.
