संवाददाता : डुमरांव नगर पर्षद क्षेत्र के मच्छरहट्टा गली में बुधवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गयी, जब दूसरे के विवाद को सुलझाने पहुंचे चौसा इंटर कॉलेज के प्रोफेसर प्रो घनश्याम दूबे को आरोपितों ने चाकू मारकर जख्मी कर दिया.
मुहल्ले में ही नाले के विवाद में उलझे लोगों को समझाने गये थे, तभी उन्हें चाकू से घायल कर दिया गया. मुहल्ले के लोगों ने तत्काल घायल को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया.
घटना को लेकर प्रोफेसर के परिजनों ने अपने पड़ोसी सूरज माली, कुलदीप कुमार व संदीप कुमार पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की. पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित फरार हैं. बताया जाता है कि मच्छरहट्टा गली में मोहन सोनार की पत्नी अपनी बेटी को नाली में शौच करा रही थी.
इसी दौरान सूरज माली के दो बेटों ने महिला से बहस शुरू कर दी और मारपीट भी करने लगे. इसी विवाद को सुन प्रोफेसर श्री दूबे घर से निकले और दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने लगे, पर विवाद चरम पर पहुंच गया और सूरज माली तथा उसके पुत्र कुलदीप व संदीप ने मिल कर प्रोफेसर को चाकू मार घटनास्थल से फरार हो गये.
