आरा : प्रवेश पत्र नहीं मिलने से वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय अंतर्गत संबद्ध कॉलेज कुंवर सिंह कॉलेज एवं तपेश्वर सिंह इंदू महिला कॉलेज के छात्र-छात्रओं ने प्रदर्शन किया. इन छात्र-छात्रओं का कहना था कि हमने परीक्षा फॉर्म भरा था, लेकिन हमें प्रवेश पत्र नहीं मिला है,
जबकि 20 से परीक्षा शुरू होनी है. प्रवेश पत्र नहीं मिलने से इन दोनों कॉलेज कें छात्र-छात्रओं ने अपने-अपने कॉलेज में पहले प्रदर्शन किया. इसके बाद विश्वविद्यालय पहुंच जम कर नारेबाजी और हो-हंगामा किया, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों एवं संबंधित कॉलेज प्रशासन से बातचीत की,
जिसके बाद यह निर्णय लिया गया कि जिन छात्रों का रजिस्ट्रेशन हुआ है और वे परीक्षा फॉर्म भरे हैं वे छात्र परीक्षा फॉर्म भरने की रसीद व रजिस्ट्रेशन की कॉपी लेकर संबंधित परीक्षा केंद्र पर जाकर डुप्लीकेट प्रवेश पत्र प्राप्त करेंगे, जिसके बाद वे परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. इसके बाद छात्र शांत हुए और वापस लौट गये. बता दें की कुंवर सिंह कॉलेज के ऐसे छात्रों ने कॉलेज में प्रदर्शन के बाद टाउन थाना पहुंच प्रदर्शन किया,
जहां पुलिस प्रशासन द्वारा छात्रों तीतर-बीतर करने के लिए हल्की लाठियां चलायी गयी. इसके बाद छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रवेश पत्र नहीं मिलने के विरोध में नारेबाजी की. वहीं दूसरी ओर तपेश्वर सिंह इंदू महिला कॉलेज की छात्रओं ने कॉलेज में प्रदर्शन किया और आरा-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शन करने के बाद इस कॉलेज की छात्रएं विश्वविद्यालय पहुंची जहां प्रदर्शन किया.
इस दौरान प्रतिकुलपति डॉ लीला चंद साहा एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ प्रसुंजय सिन्हा ने छात्रों से बातचीत की, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया कि ये छात्र रजिस्ट्रेशन की कॉपी और परीक्षा फॉर्म की रसीद परीक्षा केंद्र पर लेकर पहुंचेंगे, जहां डुप्लीकेट प्रवेश पत्र दिया जायेगा.
