जगदीशपुर/आरा : नगर स्थित आनंद टॉकिज में सोमवार को भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, पीरो प्रखंड अध्यक्ष हरी जी तिवारी तथा संचालन आदित्य कुमार और राजेंद्र ने संयुक्त रूप से की. सम्मेलन का उद्घाटन सांसद आरके सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया.
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद आरके सिंह ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार, अपराध जहां बड़ रहा है, वहीं गरीबों का कोई सुनने वाला नहीं है. किसान परेशान है.
फसल क्षति मुआवजा, डीजल अनुदान की राशि किसानों तक नहीं पहुंच रहा है. राज्य सरकार की नीति सिद्धांतों से त्रस्त बिहार की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में जदयू राजद गंठबंधन को सबक सिखाने का मन बना चुकी है. विधायक संजय टाइगर तथा शिवेश कुमार ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि लालू प्रसाद तथा नीतीश कुमार दोनों भाई मिल कर जंगल राज की शुरुआत कर चुके हैं, लेकिन बिहार की जनता सब समझ रही है.
सम्मेलन को जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह, पूर्व मंत्री सोनाधारी सिंह, सुनील कुमार, राजीव तिवारी, राम दयाल सिंह, डॉ अनिल सिंह, धर्मेद्र कुशवाहा, रमेश सिंह, आशा कुशवाहा सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया. सम्मेलन में मुख्य अतिथि सांसद आरके सिंह को डॉ अनिल सिंह ने मोमेंटों व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया. विधायक संजय सिंह टाइगर एवं शिवेश कुमार सहित अन्य अतिथियों को भी कार्यकर्ताओं ने अंग वस्त्र देकर स्वागत किया.
