आरा : महाराजा कॉलेज में उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, जब एडमिशन के लिए फॉर्म भरने के दौरान काउंटर पर खड़े दर्जनों छात्रों के ऊपर भवन का छज्जा टूट कर गिरने लगा. कुछ छात्रों ने भाग कर जान बचायी, तो कुछ छात्रों के ऊपर मलबा गिर पड़ा. इस घटना में आधा दर्जन छात्रों को गंभीर चोटें आयीं, जबकि कई छात्र आंशिक रूप से जख्मी हो गये.
बुधवार की सुबह नामांकन के लिए काउंटर पर खड़े छात्र फॉर्म भर रहे थे, तभी भवन का छज्जा टूट कर गिरने लगा. इस घटना में चांदी थाना क्षेत्र के तापा जलपुरा के आलोक कुमार, पंडुरा रामपुर के कृष्णा के पुत्र राहुल कुमार, तरारी थाना क्षेत्र संजय प्रसाद के पुत्र आदित्य कुमार, मिल्की मुहल्ला के रफिक के पुत्र शहनवाज, अरण्य देवी मुहल्ला निवासी राजेश कुमार के पुत्र अंकेश कुमार व शिवशंकर कुमार बुरी तरह जख्मी हो गये.
सभी जख्मी का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया, जबकि कई ऐसे छात्र हैं, जिन्हें आंशिक रूप से चोटें आयीं. इस दौरा भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी. बताया जा रहा है. भवन जजर्र होने के कारण यह हादसा हुआ है.
जख्मी छात्रों से मिला आइसा का प्रतिनिधिमंडल
महाराजा कॉलेज में छज्जा गिरने से जख्मी छात्रों से आइसा का प्रतिनिधि मंडल सदर अस्पताल में पहुंच कर उनसे मिला और उनका हाल चाल जाना. आइसा के छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण ही यह घटना घटी है.
आइसा छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय में इलाज के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, जबकि छात्रों से इस मद में पैसा लिया जाता है. प्रतिनिधि मंडल में जिला सचिव शिव प्रकाश रंजन, राजू राम, अभय कुशवाहा, संदीप, पप्पू, संजय, साजन, राकेश, रोशन, उपेंद्र आदि थे.
आज करेगा आइसा प्रदर्शन
छात्रों के जख्मी होने से खफा आइसा के सदस्य गुरुवार को प्रदर्शन करेंगे. इसकी जानकारी आइसा के शिव प्रकाश रंजन ने दी.
