डेहरी ऑन सोन (सदर) : ऊमस भरी गरमी में बिजली की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता काफी परेशान हैं. बीएमपी विद्युत उपकेंद्र को जरूरत से कम बिजली मिलने के कारण शहर की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. आपूर्ति कम होने के कारण कई फीडरों को बारी-बारी से बिजली दी जा रही है.
इसके कारण उपभोक्ताओं को समुचित मात्र में बिजली नहीं मिल पा रही है. इससे घरों में लगे बिजली से चलनेवाले उपकरण शोभा की वस्तु बन कर रह गयी है. बच्चों की पढ़ाई भी ठीक से नहीं हो पा रहा है. साथ ही लघु उद्योग धंधे पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है.
बीएमपी विद्युत उप केंद्र से रामगढ़ लक्ष्मण बिगहा डेहरी(वन), डेहरी दो, डालमियानगर हाइडल, लक्ष्मण बिगहा व रामगढ़ डिलिया फीडर में 11 हजार व करवंदिया पीएचइडी को 33 केबीए लाइन की आपूर्ति की जाती है. लेकिन, डेहरी दो फीडर को चलाने के लिए अकेले ही आठ मेगावाट बिजली चाहिए.
कम बिजली आपूर्ति की शिकायत वरीय पदाधिकारियों से की है. सभी फीडरों को एक साथ आपूर्ति के लिए 20 से 25 मेगावाट बिजली चाहिए. बिजली मिलने पर आपूर्ति सामान्य हो जायेगी.
विकास प्रसाद सिंह, कार्यपालक अभियंता, बिजली विभाग
