आरा : नवादा थाना क्षेत्र की न्यू पुलिस लाइन स्थित पीटीआइ न्यूज एजेंसी कार्यालय में 20 की संख्या में बाइक से आये असामाजिक तत्वों ने कार्यालय में जम कर उत्पात मचाया. कार्यालय के कंप्यूटर व कई सामान को तोड़ते हुए ढाई हजार रुपये भी लेकर फरार हो गये.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच घटनास्थल पर खड़ी दो बाइक को जब्त कर लिया है. जबकि असामाजिक तत्व फरार होने में सफल रहा. इसे लेकर पीटीआइ न्यूज एजेंसी के उपेंद्र मिश्र ने नवादा थाने में 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है.
पुलिस मामले की छानबीन करते हुए घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है. बता दे कि पीटीआइ कार्यालय में लोग अपना कार्य कर रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार लोग आ पहुंचे और कार्यालय में जम कर तोड़-फोड़ की गयी.इस घटना के बाद कुछ देर तक अफरा – तफरी का माहौल कायम रहा.
