दस सूत्री मांगों को ले अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी
पीरो : अपनी दस सूत्री मांगों को ले अनिश्चितकालीन हड़ताल पर आशा ने पीरो व तरारी पीएचसी के दवा वितरण केंद्र, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष सहित अन्य कक्ष में तालाबंद कर कामकाज पूरी तरह ठप कर रखा है़ इस कारण न तो आनेवाले रोगियों का ढंग से इलाज हो रहा है और न दवा वितरण आदि का कार्य हो रहा है़
हड़ताल पर रही आशा ने रविवार से शुरू हो रहे पल्स पोलियों प्रतिरक्षण कार्य में शामिल होने से भी इनकार कर दिया है़ लगातार सात दिनों से जारी आंदोलन के तहत शनिवार को आशा कार्यकर्ताओं ने पीरो अस्पताल परिसर में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी किया़
प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर में गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही़ पीरो में आशा कार्यकर्ता संघ की अध्यक्ष सुनैना देवी, सचिव पुष्पा देवी, चंद्रजीता देवी, नीरा देवी, बबीता देवी, ललिता देवी, गीता देवी, देवंती देवी व मनोरमा देवी समेत धरना व प्रदर्शन कर रही आशा ने सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती तब तक उनका अनिश्चितकालीन हड़ताल व आंदोलन जारी रहेगा़
अगिआंव संवाददाता के अनुसार अपनी दस सूत्री मांगों को लेकर बिहार आशा संघ द्वारा शनिवार को भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तालाबंदी कर जम कर नारेबाजी की. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तालाबंदी होने से मरीजों व स्वास्थ्य कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. आशा कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती हड़ताल जारी रहेगा.
उदवतंनगर संवाददाता के अनुसार 10 सूत्री मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तालाबंदी की एवं नारे लगाये, जिससे नियमित टीका करण, ओपीडी, प्रसव कार्य सहित अन्य कार्य बाधित हुए.
पांच घंटे तालाबंदी के बाद उदवंतनगर बीडीओ वैभव कुमार के काफी मशक्कत के बाद आशा कार्यकर्ताओं ने तालाबंदी कार्य समाप्त किया. इस मौके पर मंजू कुमारी सिन्हा, मधु देवी, उर्मिला देवी, रेणु धर्मशीला देवी, धनवंती देवी, बसंती कुंवर, रमावती देवी, गीता देवी, अनिता देवी सहित सभी आशा कार्यकर्ता शामिल थी.
