आरा : भारत निर्वाचन आयोग के सॉफ्ट वेयर ने जिले में एक लाख 3523 फर्जी मतदाताओं की पहचान की है. इसके साथ ही आयोग ने जिला निर्वाचन कार्यालय को मतदाता सूची से इन फर्जी मतदाताओं का नाम विलोपित करने का आदेश दिया है. आयोग के आदेश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी पंकज कुमार पाल द्वारा दोहरी प्रविष्टि और फर्जी मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से विलोपित करने को लेकर नोटिस भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग – अलग नामित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को मतदाता सूची से फर्जी मतदाताओं का नाम विलोपित करने को लेकर नोटिस भेजने का निर्देश दिया गया है. इसके बाद सातों विधानसभा क्षेत्रों से फर्जी मतदाताओं की पहचान करने के साथ-साथ उनको नोटिस भेज मतदाता सूची से नाम विलोपित करने की कार्रवाई तेज हो गयी है. आयोग द्वारा फिलहाल प्रशासन को 55 हजार 900 संभावित फर्जी मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से विलोपित करने का लक्ष्य दिया गया है.
मतदाता सूची से फर्जी मतदाताओं का नाम विलोपित करने का कार्य हर हाल में 31 जुलाई तक कर लेने को कहा गया है, ताकि विधानसभा चुनाव के पूर्व विधानसभावार शुद्ध व सही ढंग से मतदाता सूची का निर्माण कार्य पूरा किया जा सके.
क्या कहते हैं उपनिर्वाचन पदाधिकारी
उप निर्वाचन पदाधिकारी कृष्ण मोहन सिंह ने कहा कि दोहरी प्रविष्टि और संभावित फर्जी मतदाताओं का मतदाता सूची से नाम विलोपित करने को लेकर मतदाताओं को नोटिस भेजे जाने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
