आरा : एमएलसी चुनाव की तैयारी में सभी कोषांग के पदाधिकारी जुट गये हैं. इसको लेकर कोषांगों के पदाधिकारियों द्वारा बैठकों की दौर शुरू कर दी गयी है. इसी कड़ी में कार्मिक सह प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता सुरेश कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मत पत्र कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, विधि-व्यवस्था कोषांग, मतपेटिका सह सामग्री कोषांग, बज्रगृह कोषांग तथा मीडिया कोषांग के पदाधिकारियों और कर्मियों की एक बैठक संपन्न हुई.
बैठक में अपर समाहर्ता ने कार्मिक सह प्रशिक्षण कोषांग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पहले प्रखंडस्तरीय एवं जिलास्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सूची विहिप प्रपत्र में प्राप्त करना सुनिश्चित करें. वहीं प्राप्त सूची का एनआइसी ने डाटा बेश तैयार करने सहित मतदान दल गठन की प्रक्रिया भी शुरू करने को कहा. वहीं मत पत्र कोषांग के पदाधिकारी को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मत पत्र मुद्रण की व्यवस्था कराने की तैयारी में रेडी रहने को कहा, ताकि नाम वापसी के साथ ही मत पत्र मुद्रण की व्यवस्था में जुट जाये.
वहीं दूसरी ओर आदर्श आचार संहिता कोषांग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सख्ती से कराये. यदि कोई प्रत्याशी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध विधि समत कार्रवाई करना भी सुनिश्चित करें. विधि-व्यवस्था कोषांग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर विधि-व्यवस्था संबंधी दैनिक प्रतिवेदन सुनिश्चित करेंगे.
