आरा : बिहिया पुलिस की सक्रियता से डकैती की योजना बनाते पांच कुख्यात अपराधकर्मी को झौंवा स्कूल के समीप से धर दबोचे गये. पकड़े गये अपराधियों के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, दो कारतूस व तीन मोबाइल बरामद किया है.
गिरफ्तार अपराधियों में बिहिया थाना क्षेत्र के झौंवा गांव निवासी पिंटू सिंह, बेलवनिया गांव निवासी राकेश नट, बहिर नट, राजू नट तथा संदेश थाना क्षेत्र के जमुआंव गांव निवासी पिंटू नट शामिल है. इधर, बिहिया थानाध्यक्ष सिद्देश्वर दूबे ने बताया कि सूचना मिली थी कि झौंवा स्कूल के समीप कुछ अपराधकर्मी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से जमा हुए हैं.
सूचना मिलने के साथ ही टीम गठित कर छापेमारी की गयी. जहां से पांच अपराधियों को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर हाल के दिनों में घटित लूट पाट की घटनाओं के उद्भेदन में लगी हुई है.
गिरफ्तार पिंटू और राजू पर दर्ज है हत्या के मामले : पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार झौंवा गांव निवासी पिंटू सिंह तथा बेलवनिया गांव निवासी राजू नट पर हत्या के मामले दर्ज हैं. इस मामले में भी दोनों फरार चल रहे थे. पुलिस ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी से कई मामलों का उद्भेदन हो सकता है.
