तीन घंटे तक एक-एक जगह का डीआरएम ने किया निरीक्षण
जिले के लोगों के लिए एक खुशखबरी है. अब जल्द ही आनेवाले दिनों में आरा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो जायेगा. इसके साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने को लेकर कई तरह के डीआरएम एनके गुप्ता द्वारा स्टेशन प्रबंधक सुनील कुमार जैन को दिशा निर्देश दिया गया.
तीन घंटे तक डीआरएम स्टेशन का निरीक्षण किया. साफ-सफाई को लेकर भी कई तरह के निर्देश दिये. इसके पश्चात एक प्रेस वार्ता आयोजित की गयी. प्रेस वार्ता के दौरान रेलवे द्वारा की जा रही योजनाओं और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के बारे में बताया गया.
आरा : देश में साफ-सफाई का अभियान चलाया जा रहा है. उसी के तहत दानापुर रेल मंडल के डीआरएम के एनके गुप्ता श्रमजीवी एक्सप्रेस से शुक्रवार को आरा पहुंचे.
जहां स्टेशन प्रबंधक अपने टीम के साथ डीआरएम की अगुआई की. डीआरएम ने तीन घंटे तक प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो, तीन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्टेशन की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश स्टेशन प्रबंधक को दिया. वहीं खराब पड़े कोच गाइडेंस सिस्टम, डिस्पले बोर्ड की शिकायत यात्रियों द्वारा की गयी, जिस पर डीआरएम ने तुरंत ठीक करा लेने का निर्देश दिया. डीआरएम की आने के पहले ही स्टेशन परिसर में लगी सभी अवैध दुकानों को हटा दिया गया था, जिससे स्टेशन परिसर का पूरा बदला-बदला सा नजारा दिख रहा था.
वहीं स्टेशन परिसर में बहने वाले नाले की साफ-सफाई बेहतर करने को लेकर स्टेशन प्रबंधक को निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की यात्रियों को कष्ट न पहुंचे, इसका ध्यान रखना होगा. इस मौके पर एम सुरेश, गौरव कुमार, आर के कुशवाहा, स्टेशन प्रबंधक सहित कई लोग उपस्थित थे.
कई यात्रियों से डीआरएम ने रेलवे सेवा का लिया फिड बैक : डीआरएम एनके गुप्ता ने रेलवे यात्रियों से रेलवे का फिड बैक लिया, जिसमें कई यात्री, तो रेलवे की सेवा से संतुष्ट नजर आये, तो कई यात्रियों ने सेवाओं पर नाराजगी भी जतायी, जिसे डीआरएम ने प्राथमिकता से लेते हुए उसे जल्द-से-जल्द दूर करने का निर्देश दिया.
पूर्वी गुमटी पर जल्द ओवरब्रिज बनने का कार्य होगा शुरू : जाम की समस्या से निजात दिलाने को लेकर पूर्वी गुमटी पर ओवर ब्रिज बनाने का कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जायेगा. इसके लिए स्वीकृति रेलवे विभाग से मिल गयी है. अब कुछ ही दिनों में ओवर ब्रिज बनने का कार्य शुरू किया जायेगा. डीआरएम ने बताया कि इसके लिए संभावित राशि भी स्वीकृत कर दी गयी है. जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जायेगा.
इ कैटरिंग की भी की गयी है गरीब रथ में व्यवस्था : अगर आप यात्र के दौरान रेलवे का खाना नहीं खाना चाहते हैं, तो विभाग आपका इसका भी ख्याल रखेगा. आप टिकट लेते वक्त इ कैटरिंग के जगह को भर दे. फिलहाल यह सेवा अप एंड डाउन में जानेवाली गरीब रथ 1269/70 एक्सप्रेस में ही लागू है, जिसे आप ऑडर देकर मंगा सकते हैं.
लगायी जायेंगी स्टेशन पर एलक्ष्डी लाइटें : स्टेशन पर एलक्ष्डी लाइट लगायी जायेगी, जिससे कम ऊर्जा में भी एलक्ष्डी की दुधिया रोशनी से स्टेशन परिसर जगमगाता रहे. वहीं डिजिटल क्लॉक लगाने की भी स्वीकृति भी दे दी गयी है. जल्द ही इन सभी कार्यो को पूरा कर लिया जायेगा. वहीं चेन पुलिंग करनेवालों पर कड़ी कार्रवाई करने का डीआरएम ने निर्देश दिया.
स्वचालित सीढ़ी का सपना भी जल्द होगा पूरा
डीआरएम ने बताया कि जल्द ही आरा स्टेशन का नजारा आनेवाले दिनों में बदला-बदला सा दिखेगा. इसके लिए प्लेटफॉर्म पर स्वचालित सीढ़ी लगायी जायेगी. साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले इसके लिए रेलवे प्रयासरत है. आनेवाले दिनों में रेलवे द्वारा इन सभी कार्यो को पूरा कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन के लिए भी ट्रेनों में लोअर बर्थ की संख्या बढ़ायी गयी है, ताकि उन्हें यात्र करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
182 नंबर डायल कर आरपीएफ से कर सकते हैं शिकायत
चलती ट्रेन में अगर आपको किसी प्रकार की परेशानी या खतरा महसूस होता है, तो आप 182 नंबर डायल कर इसकी सूचना आरपीएफ को दे सकते हैं. सूचना मिलने के साथ ही आपकी मदद के लिए आरपीएफ के जवान पहुंच जायेंगे.
