आरा : बिहार में भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव गांव में शराबी बेटे तथा उसके साथियों ने मिलकर अपने ही पिता की लाठी-डंडे व रॉड से पीटकर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद बेटा व उसका साथी भाग निकला. सरेआम पिता की पिटाई होती रही और लोग तमाशबीन बने रहे. इस दौरान परिजनों ने स्थानीय थाने को भी फोन किया, लेकिन काफी देर के बाद थाना पहुंची. इस कारण पुलिस के प्रति लोगों में आक्रोश है. घटना से गुस्साये लोगों ने सड़क जाम कर दिया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. साथ ही मृतक के आश्रितों को मुआवजा व नौकरी की मांग करने लगे.
बाद में अगिआंव बीडीओ, सीओ, सर्किल इंस्पेक्टर तथा गड़हनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने- बुझाने लगी. काफी प्रयास के बाद पुलिस के आश्वासन पर मामला शांत हुआ. मृतक अगिआंव गांव निवासी ललन राम है, जो स्व चाईं डोम का पुत्र है. मृतक ललन राम अगिआंव प्रखंड में सफाई कर्मी का काम करता था. इस संबंध में मृतक के बेटे शिक्षक अजय राम के बयान पर हलचल डोम, उसके पुत्र सन्नी सहित नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. घटना के संबंध में मृतक के छोटे पुत्र अमर डोम ने बताया कि दो दिन पहले बड़े भाई अजय राम जो शिक्षक है, उनके दरवाजे पर सबसे बड़ा भाई हलचल डोम शराब पीकर गाली- गलौज कर रहा था. इसका विरोध परिवार के सदस्यों ने किया.
इस मामले में हलचल डोम ने अपने शिक्षक भाई अजय राम को चाकू मारकर जख्मी कर दिया था. इस मामले में गड़हनी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. इसी घटना से गुस्साये हलचल डोम ने शनिवार की रात अपने साथियों के साथ मिलकर पिता और भाई की हत्या करने आया था. इसको लेकर बीच- बचाव करने गये पिता की पीट- पीट कर हत्या कर दी. इस संबंध में प्रभारी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि बहुत जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की जायेगी.
