पीड़िता ने थाने में दिया आवेदन, पुलिस कर रही है मामले की जांच
आरा : छोटी बेटी को अधेड़ के हाथों शादी करवाने से रुकवाने के मामले में नाराज पिता ने शुक्रवार को अपनी बड़ी पुत्री के घर पहुंच कर बेटी व दामाद को मारपीट कर जख्मी कर दिया. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी. आस-पास के लोगों को जैसे ही जानकारी मिली, लोग जब तक उसके घर पहुंचते तब तक वह भाग चुका था. जख्मी गजराजगंज ओपी के मसाढ़ गांव निवासी छोटू साव तथा उसकी पत्नी खुशबू देवी बतायी जाती है.
बताया जा रहा है कि सिन्हा ओपी अंतर्गत फरहदा गांव निवासी सुनील साह अपनी नाबालिग पुत्री की शादी किसी अधेड़ के साथ कर रहा था. इसी बात से नाराज बड़ी व मंझली बेटी ने थाने में पहुंच कर गुहार लगायी, जिसके बाद एक्शन में आयी पुलिस ने शादी को रुकवा दिया तथा दोनों को बांड भरवा कर छोड़ दिया गया. इसी बात से नाराज पिता ने अपनी बेटी- दामाद की ही पिटाई कर दी. साथ में सुनील साव की बहन पार्वती देवी भी मौजूद थी. घटना के बाद दोनों भाग निकले. इस संबंध में बेटी व दामाद ने अपने पिता तथा फुआ के विरुद्ध थाने में आवेदन दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हद तो तब हो गयी जब पिता ने दुबारा अपनी बच्ची की शादी उस अधेड़ से करने की बात कर रहा है.
