नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर मुहल्ले की है घटना
घटना के बाद मजदूर के घर में पसरा मातमी सन्नाटा
आरा : नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर मुहल्ले में गुरुवार को निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक मजदूर की मौत करेंट लगने से हो गयी. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की सहायता से मजदूर को आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दी. मृतक की पहचान रामाकांत सिंह के रूप में की गयी, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरहिया गांव निवासी नंद किशोर सिंह का पुत्र है. बताया जा रहा है कि उक्त मजदूर नगर थाना क्षेत्र के आनंदनगर स्थित मोतीझील मुहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था. काम करने के दौरान बिजली की तार की चपेट में आ गया,
जिससे वह बुरी तरह झुलस गया. जब तक अन्य मजदूर वहां आकर उसको बचाते तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था. लोगों ने उसे अस्पताल लाया. अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया. परिजन भागकर सदर अस्पताल पहुंच गये. सदर अस्पताल में परिजनों के रोने-चीखने की आवाज से पूरा सदर अस्पताल गूंज गया. घटना के बाद निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे सभी लोग भाग खड़े हुए. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी व छानबीन शुरू कर दी. शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया. इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष जेपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
मौत की खबर से पत्नी को मार गया काठ: बच्चों को क्या पता था कि पिता की मौत बिजली करेंट से हो जायेगी. रामाकांत सिंह मजदूरी करके अपने बच्चों की परवरिश करता था. गुरुवार की सुबह घर से बोलकर निकला था कि शाम को वापस घर आऊंगा, लेकिन पिता के पहुंचने के पहले ही उसकी मौत की खबर पहुंच गयी. पिता की मौत की खबर सुनकर रामाकांत के तीन बेटे रवि कुमार, शशिकांत व मंटू बेहोश होकर गिर पड़े. वहीं पत्नी सुनीता देवी को काठ मार गया.
